दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी बवाल, मजदूरों के उग्र प्रदर्शन से भारी जाम, कई रूट डायवर्ट, प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं आक्रोशित श्रमिक

डिजिटल डेस्क- दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सोमवार सुबह से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। मजदूर यूनियनों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है, जिसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में हजारों कर्मचारियों का प्रदर्शन सुबह से जारी है। शुरुआत में शांतिपूर्ण रहा यह प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर सड़कें जाम कर दीं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए किया गया ट्रैफिक डायवर्जन

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। अधिकारियों के अनुसार, चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईवे की तरफ मोड़ा जा रहा है, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। प्रदर्शन का असर नोएडा के कई अहम इलाकों में देखने को मिल रहा है। फेज-2 और सेक्टर-62 की मुख्य सड़कें पूरी तरह बंद हैं, जबकि होजरी कॉम्प्लेक्स के आसपास भारी भीड़ जमा है। दादरी रोड और सूरजपुर रोड पर भी यातायात ठप हो गया है, जिससे नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन की वजह से चिल्ली बॉर्डर और डीएनडी फ्लाईवे पर अतिरिक्त भार

इसके अलावा NH-9 पर लालकुआं से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक लंबा जाम लगा हुआ है। सेक्टर-60 और 62 के पास फिल्म सिटी और मायामाया फ्लाईओवर पर भी वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। अक्षरधाम से नोएडा जाने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ है, जबकि चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी फ्लाईवे पर भी दबाव बढ़ गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और फेज-2 तथा सेक्टर-62 जैसे संवेदनशील इलाकों से बचें। ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है।

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

इस बीच मेधा रूपम (जिलाधिकारी) ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। मजदूर वेतन से जुड़ी शिकायतें 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862 और 120-2978702 पर दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों का जल्द समाधान किया जाएगा। दरअसल, नोएडा फेज-2 की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी लंबे समय से न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी 20 हजार रुपये तक न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन सोमवार को अचानक हालात बिगड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *