बंगाल चुनाव: अमित शाह ने जारी किया बीजेपी का ‘भरोसा पत्र’, कई बड़े वादे किए शामिल

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी का “भरोसा पत्र” लॉन्च किया। इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और अन्य प्रमुख वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।

बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणापत्र को “भरोसा पत्र” का नाम दिया है। इसे पार्टी ने विकास और परिवर्तन का रोडमैप बताते हुए जनता के सामने पेश किया। घोषणापत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस किया गया है।

घोषणापत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह दस्तावेज बंगाल के युवाओं और महिलाओं को नया रास्ता दिखाने का काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और मौजूदा सरकार से निराश है।

उन्होंने कहा कि पहले लेफ्ट शासन से जनता परेशान थी, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जनादेश मिला, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए।

अमित शाह ने कहा कि अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो घुसपैठ के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य को सुरक्षित बनाने और घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घोषणापत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बड़े वादे किए गए हैं। बीजेपी ने कहा है कि बकाया डीए (Dearness Allowance) का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा और सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग को लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

घोषणापत्र जारी होने के साथ ही पश्चिम बंगाल का चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। सभी राजनीतिक दल अब मतदाताओं को साधने के लिए अपनी रणनीति को तेज कर रहे हैं। अब देखना होगा कि बीजेपी के इस “भरोसा पत्र” का जनता पर कितना असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *