KNEWS DESK – रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘Dhurandhar: The Revenge’ जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर विवाद भी तेज हो गया है। कुछ लोग इस फिल्म को “प्रोपेगेंडा” बता रहे हैं, जिस पर अब निर्देशक Sandeep Reddy Vanga खुलकर सामने आए हैं।
‘Animal’ और ‘Kabir Singh’ जैसी फिल्मों के लिए चर्चित संदीप रेड्डी वांगा ने हाल ही में ‘धुरंधर 2’ देखी और इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे शानदार बताया, लेकिन साथ ही उन लोगों पर भी निशाना साधा जो इसे प्रोपेगेंडा कह रहे हैं।
वांगा ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ लोग खुद प्रोपेगेंडा के दम पर अपना करियर बना चुके हैं, लेकिन अब वही लोग इस फिल्म का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी की पहली प्रतिक्रिया ही मजाक उड़ाने की होती है, तो वह खुद को “लिबरल” नहीं कह सकता। उनके मुताबिक, आज के समय में सच को भी प्रोपेगेंडा करार दिया जा रहा है, जो एक अजीब स्थिति है।
इसके अलावा उन्होंने फिल्म के निर्देशक Aditya Dhar और अभिनेता Ranveer Singh का समर्थन करते हुए कहा कि इस तरह की आलोचनाओं से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने इशारों-इशारों में आलोचकों को कड़ा जवाब देते हुए कहा कि “ऐसी बुरी नजर से निपटने के लिए बड़े कदम उठाने पड़ते हैं।”
बताया जा रहा है कि वांगा ने यह फिल्म साउथ सुपरस्टार Prabhas के साथ देखी थी, जिसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ ने जबरदस्त कमाई की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने महज 21 दिनों में दुनियाभर में 1650 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है, जबकि भारत में यह आंकड़ा 1000 करोड़ के पार पहुंच चुका है। इसी के साथ यह फिल्म भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2025 में हुई थी और पहले पार्ट ने भी 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। अब दूसरे पार्ट ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।