विधानसभा चुनावः तीन बजे तक असम में 75.91, केरल में 62.71 और पुडुचेरी में 72.40% वोटिंग

डिजिटल डेस्क- देश के तीन अहम राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों असम, केरल और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। एक ही चरण में हो रहे इस मतदान के साथ लोकतंत्र का यह महापर्व अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग की ओर से सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं, जिसके चलते मतदान केंद्रों पर सुचारू व्यवस्था देखने को मिल रही है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। दोपहर 3 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, मतदान प्रतिशत उत्साहजनक रहा है। असम में सबसे अधिक 75.91% मतदान दर्ज किया गया, जो मतदाताओं की भारी भागीदारी को दर्शाता है। वहीं पुडुचेरी में 72.40% और केरल में 62.71% मतदान हुआ है।

एक बजे तक असम 59.63% तक हुई वोटिंग

अगर दोपहर 1 बजे तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो उस समय असम में 59.63%, केरल में 49.70% और पुडुचेरी में 56.83% मतदान दर्ज किया गया था। इससे साफ है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मतदाताओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ी। इस बीच, केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने भरोसा जताया है कि राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान हो सकता है। उन्होंने कहा, “अब तक हम लगभग 40% मतदान पार कर चुके हैं और रुझानों को देखते हुए हमें उम्मीद है कि हम 90% के लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं।”

4.6 लाख नए मतदाता ने डाले वोट

उन्होंने यह भी बताया कि इस बार बड़ी संख्या में पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाता भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे हैं। राज्य की मतदाता सूची में करीब 4.6 लाख नए मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले रहे हैं। खास बात यह है कि कई जगहों पर पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि यदि इसी तरह मतदान जारी रहा, तो कई क्षेत्रों में रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की जा सकती है। शाम तक अंतिम आंकड़े और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *