प्रेमिका से शादी के लिए प्रेमी ने रची फर्जी अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस की सतर्कता से हुआ घटना का पर्दाफाश

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्यार को पाने की जिद में एक युवक ने कानून से खिलवाड़ कर डाला। स्वार थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने अपनी ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर न सिर्फ पुलिस को गुमराह किया, बल्कि अपनी प्रेमिका और उसके परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश भी की। हालांकि, उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए उसे उसके दोस्त समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूरा मामला स्वार थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के मुताबिक, युवक अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ था। लेकिन जब युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को साफ तौर पर नकार दिया, तो युवक ने एक खतरनाक साजिश रच डाली। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही अपहरण की फर्जी कहानी तैयार की।

अपहरण की सूचना मिलते ही मचा हड़कंप

युवक ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसका अपहरण हो गया है। इस सूचना के मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल टीमों को सक्रिय कर जांच शुरू कर दी गई। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए युवक की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की। इसी बीच, युवक ने अपने परिजनों को कुछ वीडियो भी भेजे, जिनमें वह खुद को कथित अपहरणकर्ताओं के कब्जे में दिखाने की कोशिश कर रहा था। इन वीडियो के जरिए वह अपने परिवार और युवती के परिजनों पर दबाव बनाना चाहता था, ताकि वे शादी के लिए तैयार हो जाएं। लेकिन पुलिस को शुरू से ही इस कहानी में कुछ गड़बड़ी का अंदेशा था।

पर्दाफाश में कॉल डिटेल्स की रही अहम भूमिका

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की मदद से पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की। जल्द ही सच्चाई सामने आ गई कि यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था और अपहरण की कहानी पूरी तरह से झूठी थी। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए आरोपी युवक और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने युवती के परिवार पर दबाव बनाने के लिए यह पूरा नाटक रचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *