डिजिटल डेस्क- इन दिनों दुनिया भर में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और सप्लाई को लेकर चर्चा तेज है। घरेलू से लेकर कमर्शियल LPG सिलेंडर तक की मांग बढ़ी हुई है, जिससे कई जगहों पर कमी की स्थिति भी देखने को मिल रही है। ऐसे माहौल में लोगों के मन में गैस सिलेंडर से जुड़े कई सवाल उठ रहे हैं। इन्हीं में से एक आम सवाल है आखिर घरेलू गैस सिलेंडर पर 14.2 किलो ही क्यों लिखा होता है? 13 या 15 किलो क्यों नहीं? दरअसल, घरों में इस्तेमाल होने वाले LPG सिलेंडर का मानक वजन 14.2 किलोग्राम तय किया गया है, और इसके पीछे कई महत्वपूर्ण कारण हैं। सबसे पहले बात करते हैं सुरक्षा की। LPG यानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस को काफी दबाव में सिलेंडर में भरा जाता है। ऐसे में अगर सिलेंडर का वजन ज्यादा जैसे 20 या 25 किलो रखा जाए, तो उसे संभालना और उठाना मुश्किल हो सकता है। इससे दुर्घटना या रिसाव की स्थिति में खतरा भी बढ़ सकता है।
लोगों की सहूलियत के लिए निर्धारित किया गया है वजन
14.2 किलो का सिलेंडर इसलिए चुना गया क्योंकि इसे एक या दो लोग आसानी से उठा सकते हैं। घरों में महिलाएं या बुजुर्ग भी इसका उपयोग करते हैं, इसलिए इसका वजन ऐसा रखा गया है जो सुरक्षित होने के साथ-साथ सुविधाजनक भी हो। यही वजह है कि यह वजन वर्षों से मानक बना हुआ है। दूसरा बड़ा कारण है लॉजिस्टिक्स यानी परिवहन और वितरण की सुविधा। गैस कंपनियों को रोजाना लाखों सिलेंडर अलग-अलग जगहों पर पहुंचाने होते हैं। अगर सिलेंडर का वजन ज्यादा होगा, तो ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी दोनों में दिक्कतें बढ़ेंगी। 14.2 किलो का सिलेंडर ट्रक में आसानी से लोड किया जा सकता है और डिलीवरी बॉय भी इसे आसानी से घर तक पहुंचा सकते हैं।
सिलेंडर का वजन भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा तय किया गया
इसके अलावा कानूनी और मानक कारण भी बेहद अहम हैं। भारत में घरेलू LPG सिलेंडर का वजन भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा तय किया जाता है। यह सुनिश्चित किया जाता है कि हर सिलेंडर एक समान आकार, क्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो। इससे उपभोक्ताओं का भरोसा बना रहता है और किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाती है। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि 14.2 किलो सिलेंडर का मतलब सिर्फ गैस का वजन होता है। इसके अलावा सिलेंडर का खुद का वजन (जिसे टेयर वेट कहा जाता है) अलग होता है, जो आमतौर पर 15 से 17 किलो के बीच होता है। यानी जब आप पूरा सिलेंडर उठाते हैं, तो कुल वजन इससे कहीं ज्यादा होता है।