एकजुट होकर लड़ेंगे, बंगाल से होगा भाजपा का अंत… ममता बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी हलचल तेज होती जा रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को रानीगंज में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए और कार्यकर्ताओं व जनता से एकजुट रहने की अपील की। रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अवैध कोयला खदानों से धन जुटाती है और उल्टा तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि “जो लोग खुद गलत कामों में शामिल हैं, वही दूसरों पर उंगली उठा रहे हैं।” ममता ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार की शक्तियों को कमजोर करने की कोशिश की है।

अगर भाजपा आई तो बुलडोजर की राजनीति शुरू हो जाएगी- ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो बुलडोजर की राजनीति शुरू होगी और आम लोगों को उनके घरों से बेदखल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को ऐसे हालात से बचने के लिए एकजुट होकर तृणमूल कांग्रेस का साथ देना होगा। राम नवमी के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग जानबूझकर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ममता ने कहा, “दंगे भड़काने का अधिकार किसी को नहीं है। जो भी दोषी हैं, उनसे हिसाब लिया जाएगा।

बाहर से लोगों को लाकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है- ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं और बाहर से लोगों को लाकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि “बीजेपी को यह समझ लेना चाहिए कि बंगाल की जनता सब देख रही है और इस बार भी जीत हमारी ही होगी।” ममता बनर्जी ने अपने भाषण में राष्ट्रीय राजनीति को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में देश की सत्ता भी गंवा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि वह विपक्षी दलों को एकजुट कर दिल्ली में भी भाजपा को चुनौती देंगी।

एसआईआर में लोगों के नाम हटाए जा रहे

चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह काम भाजपा के इशारे पर हो रहा है और इसकी एक सीमा होती है, लेकिन भाजपा लगातार उस सीमा को पार कर रही है। अपने संबोधन के अंत में ममता बनर्जी ने सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देते हुए कहा कि बंगाल में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं चाहे वह रामनवमी हो, दुर्गा पूजा, ईद या क्रिसमस। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी समुदायों को समान सम्मान देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *