KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आज ईरान युद्ध को लेकर हंगामे का माहौल देखने को मिला। नेशनल कॉन्फ्रेंस और बीजेपी के विधायक आपस में भिड़ गए, जिससे सदन में धक्का-मुक्की और नारेबाजी तक की स्थिति पैदा हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, एनसी और कांग्रेस के विधायकों ने इजरायल के खिलाफ जमकर नारे लगाए और ईरान के समर्थन में पोस्टर-बैनर भी लहराए। इस दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की तस्वीरें भी सदन में दिखाई दीं।
सदन शुरू होने से पहले ही नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक वेल में उतर आए और ‘इजरायल मुर्दाबाद’ और अमेरिका विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। एनसी विधायक तनवीर सादिक ने अयातुल्लाह खामेनेई का पोस्टर लहराया, जिसका बीजेपी विधायकों ने कड़ा विरोध किया। हंगामा इतना बढ़ गया कि लगभग 20-25 मिनट की कार्यवाही के बाद सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा।
हंगामे के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के विधायक आमने-सामने आ गए। पीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर भी नारेबाजी हुई। कुछ सदस्यों ने कागज फाड़कर उछाले, और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मार्शलों को बीच-बचाव करना पड़ा।
विधायक तनवीर सादिक ने विधानसभा के बाहर मीडिया से कहा कि वे ईरान के साथ एकजुट हैं और पूरी नेशनल कॉन्फ्रेंस तथा जम्मू-कश्मीर की सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को दूसरे देश पर हमला करने का अधिकार नहीं है और भारत के शीर्ष नेतृत्व को इस पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए। सादिक ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद ईरान के लोगों के समर्थन में खड़ा होना है।
यह घटना राज्य विधानसभा में कूटनीतिक मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस की तीव्रता का उदाहरण बन गई है, जो सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में भी तेज़ी से चर्चा में रही।