हार्दिक पंड्या की दरियादिली आई सामने, वानखेड़े के ग्राउंडस्टाफ को बांटे लाखों के चेक, निभाया पुराना वादा

KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं बल्कि उनकी इंसानियत है। अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और एटीट्यूड के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले हार्दिक ने इस बार ऐसा काम किया है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंडस्टाफ के करीब 10-11 सदस्यों को 10-10 लाख रुपये के चेक दिए। खास बात यह है कि यह इनाम किसी मैच या पिच की तारीफ में नहीं, बल्कि एक पुराने वादे को निभाने के लिए दिया गया।

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले हार्दिक पंड्या वानखेड़े स्टेडियम में जमकर अभ्यास कर रहे थे। इस दौरान वे अक्सर देर रात तक प्रैक्टिस करते थे, जिसके कारण ग्राउंडस्टाफ को भी लंबे समय तक रुकना पड़ता था। बावजूद इसके, स्टाफ ने कभी शिकायत नहीं की और पूरी मेहनत के साथ उनकी तैयारियों में सहयोग किया।

हार्दिक इस सहयोग को भूले नहीं। उन्होंने उसी समय वादा किया था कि वे लौटकर सभी को इसके लिए इनाम देंगे। और अब, आईपीएल 2026 सीजन से पहले उन्होंने अपना यह वादा निभा दिया।

एक प्रैक्टिस सेशन के बाद हार्दिक ने सभी ग्राउंडस्टाफ सदस्यों को चेक सौंपे और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस हार्दिक की इस दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

अक्सर अपने रवैये के लिए आलोचना झेलने वाले हार्दिक पंड्या ने इस कदम से यह साबित कर दिया कि वे सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक बड़े दिल वाले इंसान भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *