उत्तराखंड मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी समेत पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ

KNEWS DESK- उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार आखिरकार शुक्रवार को पूरा हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पांच नए मंत्रियों ने धामी मंत्रिमंडल में शपथ ली। नए मंत्रियों में खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैरा शामिल हैं।

ताजपोशी समारोह लोकभवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। फिर मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैरा ने मंत्रिपद की शपथ ग्रहण की।

राज्य में लंबे समय से पांच मंत्रियों के पद खाली थे। नए मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कामकाज और प्रदर्शन को ध्यान में रखा गया। इसके साथ ही नई कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाए जाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य सरकार के बीच कई दौर की चर्चाओं और समन्वय के बाद कैबिनेट विस्तार के लिए नवरात्र का शुभ अवसर चुना गया। यह विस्तार न केवल प्रशासनिक कार्यों को गति देगा, बल्कि प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों और संतुलन को भी मजबूत करेगा।

इस ताजपोशी के बाद धामी मंत्रिमंडल पूरी तरह सक्रिय हो गया है और सरकार ने दावा किया है कि नए मंत्रियों के साथ प्रशासनिक और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *