अश्लीलता की हद पार… कंगना रनौत ने नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ पर जताया गुस्सा, बोलीं- ‘अब बॉलीवुड पर लगाम जरूरी’

KNEWS DESK – फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों कन्नड़ फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए इस गाने के हिंदी वर्जन को भारी विरोध के बाद यूट्यूब से हटा दिया गया है। सोशल मीडिया पर इसे “अब तक का सबसे अश्लील गाना” तक कहा जा रहा है, जिससे कलाकारों और मेकर्स को जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

कंगना रनौत ने साधा निशाना

इस पूरे विवाद के बीच कंगना रनौत ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बॉलीवुड पर निशाना साधा और कहा कि “अश्लीलता और सस्ती पब्लिसिटी के लिए इंडस्ट्री हर हद पार कर रही है।”
कंगना ने कहा कि देशभर में इस गाने की आलोचना हो रही है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि इससे जुड़े लोगों को कोई शर्मिंदगी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस तरह के कंटेंट से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर असर पड़ता है और परिवार के साथ बैठकर टीवी देखना मुश्किल होता जा रहा है।

“सख्ती जरूरी है” – कंगना

कंगना रनौत ने आगे कहा कि भले ही ऐसे गाने पहले भी बनते रहे हों, लेकिन समय-समय पर उन पर रोक लगती रही है। उनका मानना है कि अब इस तरह के कंटेंट पर और सख्त नियम लागू करने की जरूरत है ताकि मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता को बढ़ावा न मिले।

गीतकार ने झाड़ा पल्ला, जताई शर्मिंदगी

इस गाने को लेकर विवाद बढ़ने के बाद गीतकार रकीब आलम ने भी अपनी सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि मूल गाना उन्होंने नहीं लिखा था, बल्कि इसे फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने कन्नड़ में तैयार किया था।
रकीब के मुताबिक, जब उनसे हिंदी वर्जन लिखने के लिए कहा गया तो उन्होंने पहले मना कर दिया था, लेकिन बाद में मेकर्स के कहने पर उन्होंने सिर्फ अनुवाद किया। उन्होंने यह भी कहा कि विवादित शब्द पहले से ही ओरिजिनल वर्जन में मौजूद थे।

रकीब आलम ने स्वीकार किया कि इस गाने की वजह से उन्हें अब शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि मेकर्स अब उनसे क्लीन लिरिक्स के साथ नया वर्जन तैयार करने को कह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *