ओडिशा: कटक के SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत, कई लोग झुलसे

KNEWS DESK- ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार को भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी आग की चपेट में आने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में अचानक भड़क उठी. देखते ही देखते धुआं पूरे वार्ड में फैल गया, जिससे वहां भर्ती मरीजों और स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया. अस्पताल कर्मचारियों और दमकल विभाग की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन कुछ मरीजों को बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां अस्पताल पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया. हादसे में कम से कम 11 अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री सोमवार सुबह कटक पहुंचे और अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने अस्पताल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी ली. साथ ही अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों की सुरक्षा और इलाज की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल में तैनात कर दी गई है. पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *