राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान, शाम तक आएंगे नतीजे

KNEWS DESK- देश के तीन राज्यों में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान होना है। इन सीटों में बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह 11 बजे से शुरू होगा और गिनती के बाद नतीजे भी आज ही घोषित किए जाएंगे।

इस बार देशभर में राज्यसभा की कुल 37 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि बाकी सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

कई बड़े नेता पहले ही निर्विरोध चुने गए

राज्यसभा चुनाव में कई बड़े नेताओं को पहले ही बिना मुकाबले संसद के ऊपरी सदन में भेज दिया गया है. इनमें शरद पवार, रामदास अठावले, अभिषेक मनु सिंघवी, थंबी दुरई, विनोद तावड़े और बाबुल सुप्रियो जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. हालांकि बिहार, ओडिशा और हरियाणा की सीटों पर राजनीतिक समीकरण काफी रोचक बने हुए हैं.

बिहार की पांच सीटों में से चार पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है. जेडीयू और बीजेपी की ओर से नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन और शिवम कुमार मजबूत स्थिति में बताए जा रहे हैं.

असल मुकाबला पांचवीं सीट पर है, जहां एनडीए के उपेंद्र कुशवाहा और महागठबंधन समर्थित एडी सिंह के बीच कड़ी टक्कर है।

महागठबंधन के पास 35 विधायकों का समर्थन है, जबकि जीत के लिए 41 वोटों की जरूरत है। ऐसे में AIMIM के पांच और BSP के एक विधायक के समर्थन से उनकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है।

एनडीए को उम्मीद है कि महागठबंधन के कुछ विधायक क्रॉस-वोटिंग कर सकते हैं. कांग्रेस के छह विधायकों और बसपा विधायक के रुख पर भी नजर बनी हुई है. ऐसे में पांचवीं सीट का परिणाम क्रॉस-वोटिंग पर निर्भर माना जा रहा है।

ओडिशा की चार सीटों पर भी मुकाबला दिलचस्प है। माना जा रहा है कि बीजेपी और बीजेडी दो-दो सीटें जीत सकती हैं।

राज्य विधानसभा में बीजेपी के पास 79 विधायक हैं और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी है, जिससे उसकी दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं। तीसरी सीट जीतने के लिए उसे अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ेगी।

वहीं बीजेडी के पास 48 विधायक हैं, जिससे उसकी एक सीट पक्की मानी जा रही है. यदि कांग्रेस के 14 और सीपीएम के एक विधायक का समर्थन मिलता है तो पार्टी दूसरी सीट भी जीत सकती है. चौथी सीट पर बीजेपी समर्थित दिलीप रे और बीजेडी के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है।

हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। बीजेपी के पास 48 विधायक हैं और उसे आईएनएलडी के दो तथा तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त है। ऐसे में उसके उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं और उसका प्रत्याशी करमवीर बोध भी मजबूत स्थिति में है. हालांकि निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है. उन्हें जीत के लिए अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी, जो क्रॉस-वोटिंग के बिना संभव नहीं है।

बिहार, ओडिशा और हरियाणा में मतदान के बाद आज शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। कई सीटों पर क्रॉस-वोटिंग की संभावना के कारण राजनीतिक दलों की नजरें इन परिणामों पर टिकी हुई हैं। ऐसे में कुछ जगहों पर चौंकाने वाले नतीजे भी सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *