लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी करेंगे जनता को समर्पित

KNEWS DESK- लखनऊ का महत्वाकांक्षी ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट अपने दूसरे चरण में पूरी तरह तैयार है और शुक्रवार को इसका लोकार्पण किया जाएगा। राजधानी की लाइफलाइन कही जाने वाली गोमती नदी किनारे से गुजरने वाला यह कॉरिडोर पांच लाख से अधिक लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाएगा।

दूसरे चरण में समतामूलक से निशातगंज, हनुमान सेतु, डालीगंज और पक्का पुल तक ब्रिज, आरओबी और सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया गया है। पहले चरण की लंबाई सात किलोमीटर और दूसरे चरण की लंबाई चार किलोमीटर है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे जनता को सौंपेंगे।

दूसरे चरण में लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत से कई अहम विकास कार्य किए गए। इसमें कुकरैल नदी पर 240 मीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा छह-लेन ब्रिज शामिल है, जिसकी लागत 45 करोड़ रुपये है। इसके अलावा कुकरैल से निशातगंज के मध्य 1.10 किलोमीटर लंबा सड़क निर्माण भी 40 करोड़ रुपये में पूरा किया गया। निशातगंज में 240 मीटर लंबा छह-लेन ब्रिज 45 करोड़ रुपये में तैयार हुआ है। इस चरण में हनुमान सेतु से गोमती पुल तक सड़क की चौड़ाई भी 10 मीटर से बढ़ाकर 18 मीटर की गई है।

ग्रीन कॉरिडोर के चार चरण

पहला चरण: आईआईएम रोड से पक्का पुल तक (पूरा)

दूसरा चरण: पक्का पुल से पिपराघाट तक (पूरा)

तीसरा चरण: पिपराघाट से शहीद पथ (हरी झंडी मिल चुकी)

चौथा चरण: शहीद पथ से किसान पथ (तैयारी जारी)

लोकार्पण के अवसर पर समतामूलक के पास फीता काटकर उद्घाटन और झूलेलाल वाटिका में जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 10,000 लोग शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में लोगों के आवागमन के लिए 300 बसें उपलब्ध कराई गई हैं।

ग्रीन कॉरिडोर के साथ ही लखनऊ में कई पुल, फ्लाईओवर और आरओबी भी तेजी से बन रहे हैं। इनमें मरी माता मंदिर फ्लाईओवर, मलिहाबाद पीएम टेक्सटाइल पुल, केसरी खेड़ा फ्लाईओवर, सई नदी सेतु, पारा और मेहंदी घाट पुल शामिल हैं।

लक्ष्य है कि इन निर्माणों से शहर की कनेक्टिविटी बेहतर हो, ट्रैफिक जाम कम हो और नए व पुराने लखनऊ के बीच फासला मिटे। साथ ही, हर्टिकल्चर और सुंदरीकरण के काम भी पूरे किए गए हैं।

लामार्टीनियर कॉलेज से जी-20 रोड तक 2300 मीटर लंबा फ्लाईओवर कम आरओबी के निर्माण के लिए टेंडर जारी है, जिसकी लागत 315 करोड़ रुपये है। इसे दो साल में तैयार करने पर शहर के कई मुख्य चौराहों और मार्गों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

गोमती नदी पर बनने वाला 250 मीटर लंबा ब्रिज सेना की जमीन से जी-20 रोड को जोड़ेगा। इस ब्रिज की लागत लगभग 60 करोड़ रुपये है और इसे लगभग एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट और शहर के फ्लाईओवर, पुल तथा सड़क निर्माण कार्य लखनऊ के विकास को नई गति देने के साथ ही आम लोगों के लिए यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *