KNEWS DESK- IPL 2026 सीजन शुरू होने से पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन विवादों में फंस गई हैं। इंग्लैंड की नई टी-20 लीग ‘द हंड्रेड’ में सनराइजर्स ग्रुप की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का तूफान मच गया।
गुरुवार, 12 मार्च को इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ के मेंस टूर्नामेंट के लिए पहली बार प्लेयर्स ऑक्शन आयोजित किया गया। इस ऑक्शन में पाकिस्तान के 27 वर्षीय लेग स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1,90,000 पाउंड (करीब 2.3 करोड़ रुपये) में खरीदा। काव्या मारन भी इस दौरान ऑक्शन टेबल पर मौजूद थीं।
ऑक्शन के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना तेज़ हो गई। कई फैंस ने कहा कि भारतीय मालिक वाली फ्रेंचाइजी किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं खरीदेंगी, लेकिन ECB ने पहले ही स्पष्ट किया था कि फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों को उनकी राष्ट्रीयता नहीं, बल्कि काबिलियत के आधार पर खरीदेगी।
ऑक्शन के कुछ ही घंटों बाद सनराइजर्स लीड्स का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट अचानक सस्पेंड हो गया। अकाउंट पर लिखा गया कि इसे X के नियमों के उल्लंघन के कारण सस्पेंड किया गया है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि किस नियम का उल्लंघन हुआ। इस कदम ने विवाद को और बढ़ा दिया।
ऑक्शन में कुल 13 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन उनमें से केवल अबरार अहमद और स्पिनर उस्मान तारिक को खरीदा गया। उस्मान को बर्मिंघम फीनिक्स ने अपनी टीम में शामिल किया।
यह विवाद इसलिए पैदा हुआ क्योंकि IPL से जुड़ी भारतीय मालिकों वाली फ्रेंचाइजी आमतौर पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने से बचती आई हैं। अबरार अहमद को खरीदने के फैसले के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट कम्युनिटी के बीच बहस तेज़ हो गई है।
फिलहाल सनराइजर्स लीड्स और काव्या मारन ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन यह विवाद IPL 2026 और द हंड्रेड के लिए पहले ही बड़ा टॉपिक बन चुका है।