भगवान राम और सीता के रूप में दिखे रणबीर-साई, जानिए क्या है वायरल फोटो की असली सच्चाई

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर के लिए साल 2026 काफी अहम माना जा रहा है। उनकी दो बड़ी फिल्में लव एंड वॉर और रामायण रिलीज की तैयारी में हैं। अगर ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं तो यह साल रणबीर के करियर के लिए बेहद खास साबित हो सकता है। इसी बीच ‘रामायण’ से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने फैंस के बीच उत्साह के साथ-साथ भ्रम भी पैदा कर दिया है।

भगवान राम और सीता के रूप में दिखे रणबीर–साई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई दे रही हैं। तस्वीर में रणबीर सोने का मुकुट और शाही गहने पहने नजर आते हैं, वहीं साई पल्लवी दुल्हन जैसे आभूषणों में उन्हें देखती हुई दिखाई देती हैं।

कई यूजर्स इस फोटो को फिल्म ‘रामायण’ के सेट से लीक हुई वेडिंग सीन की तस्वीर बताकर शेयर कर रहे हैं। इससे फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया।

लीक फोटो पर उठे सवाल

हालांकि, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तस्वीर पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि फिल्म सेट से लीक होने वाली तस्वीरें आमतौर पर इतनी साफ और हाई क्वालिटी की नहीं होतीं। इसके अलावा ‘रामायण’ की शूटिंग पहले ही काफी आगे बढ़ चुकी है, ऐसे में अचानक इस तरह की लीक फोटो सामने आना भी लोगों को अटपटा लगा।

जब इस तस्वीर की पड़ताल की गई तो सामने आया कि यह असली फोटो नहीं है। दरअसल, यह एक एडिटेड फेस-स्वैप इमेज है, जिसमें किसी पुरानी तस्वीर पर रणबीर कपूर और साई पल्लवी के चेहरे लगा दिए गए हैं।

टीवी शो की तस्वीर निकली असली

इस पूरे मामले पर टीवी अभिनेता आशीष शर्मा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि वायरल हो रही तस्वीर दरअसल उनके टीवी शो सिया के राम की एक पुरानी स्टिल फोटो है।

आशीष शर्मा ने इस शो में भगवान राम का किरदार निभाया था। उसी तस्वीर को एडिट कर उसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी के चेहरे लगा दिए गए और इसे फिल्म ‘रामायण’ का लीक्ड फोटो बताकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पहले भी लीक से परेशान हो चुके हैं मेकर्स

गौरतलब है कि जब फिल्म ‘रामायण’ की शूटिंग शुरू हुई थी, तब सेट से कुछ तस्वीरें लीक हो गई थीं। इससे फिल्म के निर्देशक नीतेश तिवारी काफी नाराज हुए थे और बाद में सेट पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्ती कर दी गई थी ताकि आगे कोई तस्वीर बाहर न जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *