KNEWS DESK – रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले पार्ट की बड़ी सफलता के बाद से ही फैंस इसके दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब यह इंतजार 19 मार्च को खत्म होने वाला है, जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही फिल्म ने पेड प्रीव्यू बुकिंग के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है और श्रद्धा कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘स्त्री 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
पेड प्रीव्यू बुकिंग में ‘धुरंधर 2’ का जलवा
फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू शो रखे गए हैं। इन शोज की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों ने जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘धुरंधर 2’ ने पेड प्रीव्यू बुकिंग में ही शानदार कमाई कर ली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार 9 मार्च दोपहर तक फिल्म के लगभग 2 लाख 15 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं, जिससे करीब 12.72 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है। खास बात यह है कि पेड प्रीव्यू में अभी कई दिन बाकी हैं और बुकिंग लगातार जारी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।
‘स्त्री 2’ से आगे निकली फिल्म
श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री 2’ ने साल 2024 में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इस फिल्म ने अपने पेड प्रीव्यू शोज से लगभग 8.75 करोड़ रुपये कमाए थे और बाद में लाइफटाइम कलेक्शन 800 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच गया था। लेकिन अब ‘धुरंधर 2’ ने पेड प्रीव्यू के मामले में इस फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है।
स्टारकास्ट को लेकर बढ़ा उत्साह
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार नजर आने वाले हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फैंस इन सभी सितारों के किरदारों को लेकर काफी उत्साहित हैं।
अक्षय खन्ना की वापसी पर सस्पेंस
फिल्म को लेकर एक और चर्चा जोरों पर है और वह है अक्षय खन्ना की संभावित वापसी। पहले पार्ट में उनका किरदार रहमान डकैत दर्शकों को काफी पसंद आया था। हालांकि कहानी में उनका अंत दिखाया गया था, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक दूसरे पार्ट में उनकी बैकस्टोरी दिखाई जा सकती है।
ट्रेलर में भी अक्षय खन्ना की एक छोटी सी झलक देखने को मिली है, जिसके बाद से फैंस यह जानने के लिए और भी ज्यादा उत्साहित हो गए हैं कि क्या वह इस फिल्म में फिर से नजर आएंगे या नहीं। हालांकि मेकर्स ने अभी तक इसे आधिकारिक तौर पर कंफर्म नहीं किया है।