टी20 वर्ल्ड कप 2026: जीत के जश्न में दिखा रोमांटिक पल, ईशान किशन के साथ नजर आईं अदिति हुंडिया

KNEWS DESK – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया।

इस बड़ी जीत के बाद मैदान पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने अपने परिवार के साथ जमकर जश्न मनाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा समेत कई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ जीत का जश्न मनाते दिखाई दिए।

हार्दिक पांड्या और ईशान किशन की तस्वीरें हुईं वायरल

टीम इंडिया की जीत के बाद हार्दिक पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मैदान पर रोमांटिक अंदाज में जश्न मनाते नजर आए। इसी बीच ईशान किशन की भी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

इस तस्वीर में ईशान किशन अपनी पार्टनर अदिति हुंडिया के साथ नजर आ रहे हैं। फाइनल मुकाबले के दौरान अदिति भी स्टेडियम में मौजूद थीं और ईशान किशन को सपोर्ट कर रही थीं। भारत की जीत के बाद वह मैदान पर पहुंचीं और दोनों का लवी-डवी अंदाज कैमरे में कैद हो गया।

ईशान किशन तिरंगे में लिपटे हुए जीत का जश्न मना रहे थे, तभी अदिति हुंडिया भी उनके साथ इस खुशी में शामिल होने मैदान पर पहुंच गईं। तस्वीरों में अदिति ईशान की बाहों में नजर आईं, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया।

कौन हैं अदिति हुंडिया?

अदिति हुंडिया राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं। वह एक प्रोफेशनल मॉडल और सफल एंटरप्रेन्योर हैं। साल 2017 में अदिति फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। इसके बाद 2018 में उन्होंने मिस दिवा सुप्रानेशनल का खिताब भी अपने नाम किया।

अदिति ने जयपुर के सेंट जेवियर्स कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई की है। बिजनेस की पढ़ाई के बावजूद उन्होंने मॉडलिंग और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपना करियर बनाया। सोशल मीडिया पर भी अदिति काफी एक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 3.5 लाख फॉलोअर्स हैं।

लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं दोनों

ईशान किशन और अदिति हुंडिया लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। पिछले कई सालों से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। अदिति को कई बार स्टेडियम में ईशान किशन को सपोर्ट करते हुए देखा गया है, खासकर इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों में।

फाइनल में ईशान किशन की दमदार पारी

फाइनल मुकाबले में ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन बनाए। उनके अलावा संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

इन शानदार पारियों की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया और पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *