KNEWS DESK – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे। टूर्नामेंट की शुरुआत में वह प्लेइंग इलेवन की पहली पसंद नहीं थे, लेकिन मौका मिलने पर उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया कि भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
संजू सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 5 मैचों में 321 रन बनाए। इसमें फाइनल में खेली गई 89 रनों की शानदार पारी भी शामिल थी। उनके दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड दिया गया, जो उनके लंबे संघर्ष के बाद किसी सपने के सच होने जैसा था।
विराट कोहली जैसी कहानी
संजू सैमसन का क्रिकेट सफर काफी हद तक विराट कोहली की कहानी से मिलता-जुलता है। कोहली को भी अपने शुरुआती दिनों में दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन के सेलेक्टर्स ने जूनियर लेवल पर ट्रायल के दौरान रिजेक्ट कर दिया था।
संजू के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। दिल्ली में जूनियर क्रिकेट खेलते समय उन्हें सेलेक्टर्स ने टीम में जगह नहीं दी, जबकि एक टूर्नामेंट में उन्होंने 8 मैचों में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। इस झटके ने उन्हें और उनके परिवार को गहराई से प्रभावित किया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
पिता के फैसले ने बदली किस्मत
संजू सैमसन का जन्म 11 नवंबर 1994 को केरल के तिरुवनंतपुरम में हुआ था। उनके पिता सैमसन विश्वनाथ दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल थे, इसलिए उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत दिल्ली से हुई।
लेकिन जूनियर स्तर पर रिजेक्शन के बाद उनके पिता ने एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने बेटे के सपने को पूरा करने के लिए दिल्ली पुलिस की नौकरी से वॉलंटरी रिटायरमेंट ले लिया और पूरा परिवार केरल के तिरुवनंतपुरम लौट आया।
यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन पिता को विश्वास था कि केरल में संजू को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मौका मिलेगा।
केरल में शुरू हुआ नया सफर
केरल पहुंचने के बाद संजू ने फिर से कड़ी मेहनत की। अंडर-13 स्तर पर केरल के लिए खेलते हुए उन्होंने 5 मैचों में 973 रन बनाकर सबको चौंका दिया और टीम की कप्तानी भी की।
इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिर्फ 17 साल की उम्र में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में केरल के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और जल्द ही दो शतक व एक अर्धशतक भी जड़ा।
साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में मौका दिया। वहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘इमर्जिंग प्लेयर’ का अवॉर्ड जीता और यहीं से उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल गए।
विराट कोहली ने भी की तारीफ
टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन के शानदार प्रदर्शन की तारीफ खुद विराट कोहली ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “शानदार टूर्नामेंट खेला! प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के आप पूरी तरह हकदार हैं संजू सैमसन। आपने तब बेहतरीन प्रदर्शन किया जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। आपके लिए बहुत खुश हूं, चेट्टा।”
