KNEWS DESK – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया।
सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान अपने पहले ही आईसीसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया। इसके साथ ही वह एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं।
बने दुनिया के नंबर-1 टी20I कप्तान
फाइनल में जीत के बाद सूर्यकुमार यादव अब दुनिया के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान बन गए हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार जीत प्रतिशत हासिल किया है, जो दुनिया के किसी भी कप्तान से ज्यादा है।
अब तक सूर्यकुमार यादव ने टी20I में 52 मैचों में भारत की कप्तानी की है। इनमें से टीम इंडिया ने 42 मुकाबले जीते, जबकि 8 मैचों में हार मिली है और 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। इस तरह उनकी कप्तानी में भारत का विनिंग परसेंटेज 80.77% रहा है।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित की कप्तानी में भारत ने 62 मैचों में 50 जीत हासिल की थीं और उनका विनिंग परसेंटेज 80.65% था। इस सूची में तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद हैं, जिनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 78.38 प्रतिशत मैच जीते थे।
रोहित शर्मा का एक और रिकॉर्ड खतरे में
सूर्यकुमार यादव के पास अब रोहित शर्मा का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। भारत के लिए बतौर टी20 कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड फिलहाल रोहित शर्मा के नाम है।
रोहित ने बतौर कप्तान 50 टी20 मैचों में जीत हासिल की है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव को यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए अब सिर्फ 9 और मैच जीतने की जरूरत है।
सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में वह रोहित शर्मा का यह बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।