KNEWS DESK- बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे, जिससे इस राजनीतिक कदम को और भी अहम माना जा रहा है।
नामांकन दाखिल करने के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और समर्थक भी मौजूद रहे। इस मौके पर राजनीतिक हलकों में खासा उत्साह और चर्चा देखने को मिली। माना जा रहा है कि राज्यसभा जाने के साथ ही नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं, वहीं सत्ताधारी गठबंधन इसे नीतीश कुमार का व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय बता रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी नए समीकरण पैदा कर सकता है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि बिहार में नेतृत्व को लेकर क्या नया फैसला लिया जाता है।