KNEWS DESK- महाराष्ट्र के नागपुर से होली के त्योहार पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोराडी इलाके में एक 5 साल के बच्चे को उसकी दादी सिंधु ठाकरे ने गर्म पानी से झुलसा दिया। घटना का एक हिस्सा CCTV में कैद हो गया है।
घटना के अनुसार, बच्चा घर के बाहर पिचकारी से होली खेल रहा था, तभी वह अपनी दादी पर पानी स्प्रे कर देता है। इस दौरान दादी गुस्से में आ गईं और उबलता पानी लेकर बच्चे पर फेंक दिया। बच्चे की पीठ और कमर झुलस गई और वह दर्द से चीखते हुए भागा। बच्चे को तुरंत नागपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे के शरीर का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और परिवार सदमे में है। पुलिस ने दादी सिंधु ठाकरे के खिलाफ IPC की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दादी काली साड़ी में बाल्टी लेकर चल रही हैं। बच्चा पास जाकर रंग छिड़कने की कोशिश करता है, तभी दादी उबलता पानी फेंक देती हैं। बच्चा चीखते हुए दूर भागता है। वीडियो में एक अन्य महिला भी ठंडा पानी लेकर आती है और बच्चे पर डालती है, बाद में दादी भी ठंडा पानी डालने में शामिल हो जाती हैं। यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर लोगों के लिए सदमे का कारण बनी हुई है।