KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंध गए। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में हुई इस निजी शादी की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर आईं, फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। अब यह नवविवाहित जोड़ा 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन देने जा रहा है।

ताज कृष्णा में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
रिसेप्शन का आयोजन हैदराबाद के मशहूर होटल Taj Krishna में किया जाएगा। यह हाई-प्रोफाइल इवेंट फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में होने वाला है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कड़े इंतजाम किए हैं। रिसेप्शन में एंट्री के लिए यूनिक, वन-टाइम यूज QR कोड सिस्टम लागू किया गया है।

बिना QR कोड नहीं मिलेगी एंट्री
रिसेप्शन को पूरी तरह “इनविटेशन ओनली” रखा गया है। केवल उन्हीं मेहमानों को प्रवेश मिलेगा, जिनके पास आधिकारिक निमंत्रण और विशेष QR कोड होगा।
आयोजन टीम VIROSH ने स्पष्ट किया है कि बिना निमंत्रण और QR कोड के किसी को भी वेन्यू में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पूरा कार्यक्रम पुलिस निगरानी में होगा ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

छोटी हुई गेस्ट लिस्ट
शुरुआत में तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी सिनेमा के कई बड़े सितारों के शामिल होने की चर्चा थी। हालांकि सुरक्षा कारणों से अब गेस्ट लिस्ट सीमित कर दी गई है और चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रण भेजा गया है।
विजय और रश्मिका इससे पहले Geetha Govindam और Dear Comrade जैसी हिट फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। अब शादी के बाद दोनों पहली बार फिल्म राणाबाली में एक साथ दिखाई देंगे, जो 11 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।