KNEWS DESK – बॉलीवुड के दमदार अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर चर्चा में हैं। अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों को प्रभावित करने वाले नवाज अब कल्ट फिल्म तुम्बाड के सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह दोगुना हो गया है।
सोहम शाह ने किया बड़ा ऐलान
फिल्म के लीड एक्टर और निर्माता सोहम शाह ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ अपनी दो तस्वीरें शेयर कीं। दोनों कलाकार ब्लैक आउटफिट में नजर आए और उनके हाथों में ‘तुम्बाड’ से जुड़े खास प्रॉप्स दिखाई दिए।
तस्वीरों के साथ सोहम शाह ने कैप्शन में लिखा कि उन्हें यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे समय के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक नवाजुद्दीन सिद्दीकी ‘तुम्बाड 2’ में शामिल हो गए हैं। उन्होंने नवाज का फिल्म की टीम में स्वागत भी किया।
https://www.instagram.com/p/DVX6xm0gsQP/
‘हस्तर’ की दुनिया में नया मोड़
‘तुम्बाड’ अपने रहस्यमयी माहौल और ‘हस्तर’ के किरदार के लिए जानी जाती है। फिल्म के री-रिलीज के बाद से नई पीढ़ी के दर्शकों में भी इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। अब नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एंट्री ने कहानी को लेकर और भी रहस्य पैदा कर दिया है।
हालांकि अभी तक उनके किरदार से पर्दा नहीं उठाया गया है, लेकिन इतना तय है कि उनकी मौजूदगी फिल्म में एक नया और दमदार आयाम जोड़ने वाली है।
जैसे ही यह घोषणा सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस ने कमेंट्स की बाढ़ ला दी। कई लोगों ने नवाजुद्दीन को इस प्रोजेक्ट के लिए बधाई दी, तो कुछ ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि वह किस तरह का किरदार निभा सकते हैं।