यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, हाथरस में डबल डेकर बस ने कार को मारी टक्कर, 6 की मौत

डिजिटल डेस्क- यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास हुआ। तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे हुई। डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सादाबाद क्षेत्र में पहुंची, चालक ने तेज रफ्तार के कारण संतुलन खो दिया और आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

सभी मृतकों की हुई पहचान

अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में राजस्थान के धौलपुर जिले का एक दंपती और आगरा के बाह क्षेत्र का एक दंपती शामिल है। अन्य मृतकों की पहचान भी कर ली गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एएसपी रामानंद कुशवाहा के साथ एसडीएम मनीष चौधरी और तहसीलदार भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक टक्कर की तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही क्षणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *