KNEWS DESK – पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर करण औजला इन दिनों अपने इंडिया म्यूजिक टूर को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। दिल्ली में धमाकेदार कॉन्सर्ट के बाद अब सिंगर मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेज पर परफॉर्म करने से पहले कुछ ऐसा किया कि सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।
ऑटो राइड बनी यादगार
मुंबई में होली स्पेशल इवेंट से पहले करण औजला ने लग्जरी कार छोड़ ऑटो रिक्शा में सफर करना पसंद किया। सिंगर मुंबई की सड़कों पर आम लोगों की तरह ऑटो में घूमते नजर आए। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस ने उनके ऑटो को रोक लिया। जांच के बाद ऑटो ड्राइवर पर 17 हजार रुपये का चालान लगा दिया गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही सिंगर को चालान के बारे में पता चलता है, वह तुरंत ड्राइवर की मदद करने की बात कहते हैं। करण औजला खुद आगे बढ़कर चालान भरने का जिम्मा लेते नजर आते हैं।
दूसरे ड्राइवर की भी की मदद
करण औजला की दरियादिली यहीं नहीं रुकी। पास खड़े एक दूसरे ऑटो ड्राइवर ने मुस्कुराते हुए उनसे अपने 5 हजार रुपये के चालान में मदद की गुजारिश की। सिंगर ने बिना झिझक उसकी भी सहायता कर दी। दोनों ड्राइवरों के चेहरे पर आई खुशी ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
यह पूरा वाकया किसी फैन ने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस कमेंट सेक्शन में सिंगर की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें ‘रियल हीरो’ बता रहे हैं।
कॉन्सर्ट को लेकर जबरदस्त क्रेज
दिल्ली में अपने शानदार शो के बाद करण औजला अब मुंबई में भी स्टेज पर आग लगाने को तैयार हैं। उनके कॉन्सर्ट्स में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सिंगर की एक झलक पाने के लिए फैंस की भीड़ उमड़ पड़ती है।
मुंबई के बाद उनका टूर अहमदाबाद, चंडीगढ़, इंदौर और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी जाएगा। हर शहर में उनके लाइव परफॉर्मेंस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।