ईरान हमलों के बीच दुबई एयरपोर्ट बंद, इंदौर के नेता-उद्योगपति फंसे, शारजाह से वापसी की कोशिश

डिजिटल डेस्क- मध्य पूर्व में बढ़े तनाव और ईरान के लगातार हमलों के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया है। कई उड़ानें रद्द होने से मध्य प्रदेश के इंदौर के कई बड़े नेता और उद्योगपति दुबई में फंस गए हैं। फिलहाल उनकी वतन वापसी अनिश्चित बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने सभी को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया है और परिजनों को उनके सुरक्षित होने की सूचना दी गई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दुबई से इंदौर आने वाली फ्लाइट अचानक निरस्त कर दी गई। जब शहर के कई प्रमुख लोग एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली। दुबई में फंसे लोगों में पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल, आदित्य शर्मा और संजय शुक्ला के बेटे आकाश शुक्ला सहित अन्य नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

बिजनेस मीटिंग अटैंड करने पहुंचे थे दुबई

बताया जा रहा है कि अधिकांश लोग दुबई में एक बिजनेस मीटिंग और वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्रीय हालात बिगड़ने लगे और हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। सुरक्षा कारणों से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निरस्त कर दी गईं, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट से वापस भेज दिया गया। पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने फोन और वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से संपर्क कर सभी के सुरक्षित होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वे जिस स्थान पर ठहरे हैं, वहां फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि दूर से विस्फोटों और धुएं के गुबार के दृश्य देखे जा सकते हैं। शुक्ला ने यह भी कहा कि वापसी के लिए शारजाह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से विकल्प तलाशा जा रहा है, लेकिन उड़ानों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

परिजन चिंतित

इंदौर में परिजन चिंतित हैं और लगातार संपर्क में बने हुए हैं। संजय शुक्ला के बेटे सागर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पिता ने वीडियो कॉल पर दुबई की स्थिति दिखाई, जो बेहद भयावह थी। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि दुबई में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *