डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (रामनगर) गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक युवक ने कथित तौर पर संपत्ति विवाद में अपने ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि घर में मौजूद एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। गांव गहरी नींद में था, तभी बडलूराम के घर से चीख-पुकार की आवाजें उठीं। ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन और गहनों की बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने अचानक खूनी रूप ले लिया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और घर को खून से रंग दिया।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर खड़े हुए रोंगटे
मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था। आंगन और कमरों में चारों ओर खून फैला था। इस हमले में पिता बडलूराम (62), मां संजू देवी (60), दादी शिताला (82) और बहन पार्वती (20) की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद एक मासूम बच्चा सुरक्षित मिला, जिसे पुलिस ने तत्काल संरक्षण में ले लिया। चीखें सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। 112 नंबर की टीम ने घायल गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। निरंकार की हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
पूरा गांव छावनी में तब्दील
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों के साथ गांव पहुंचे। पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और तनाव को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। देर रात फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घर के बाहर झाड़ियों से वह कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी मानसिक तनाव में था और संपत्ति विवाद को लेकर परिवार से नाराज चल रहा था। फिलहाल पुलिस घायलों के बयान का इंतजार कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।