कानपुर: पत्नी की गला घोंटकर हत्या, कंबल में लपेट नाले में फेंका शव, चार साल पहले की थी लव मैरिज

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पनकी थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेटकर करीब चार फीट गहरे नाले में फेंक दिया। आरोपी ने शव को पत्थरों से दबाने की कोशिश की, लेकिन कुछ दिनों बाद शव फूलने पर पत्थर हट गए और लाश नाले में ऊपर आ गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय आकृति उर्फ रूबी के रूप में हुई है। सोशल मीडिया के जरिए शव की तस्वीर सामने आने के बाद उसके भाई राहुल सिंह ने बहन के रूप में शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

दंपति के दो बच्चे

जानकारी के मुताबिक, आकृति ने करीब साढ़े चार साल पहले नितिन नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों दादा नगर स्थित एक पैकिंग फैक्ट्री में साथ काम करते थे, जहां से उनके बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। बाद में दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। दंपती के तीन साल का बेटा उत्कर्ष और छह माह की बेटी मानवी है। मृतका के भाई राहुल सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति नितिन, ससुर और जेठ दहेज की मांग को लेकर आकृति को प्रताड़ित करते थे। उसके जेवरात भी हड़प लिए गए थे। राहुल का कहना है कि कई बार पनकी थाने में शिकायत की गई, लेकिन हर बार समझौता कराकर मामला रफा-दफा कर दिया गया। 25 फरवरी को भी मारपीट के बाद थाने में समझौता हुआ था, लेकिन घर लौटते ही ससुरालियों ने फिर विवाद किया।

सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से घर वालों ने की पहचान

आरोप है कि इसके बाद आकृति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को घर से करीब 500 मीटर दूर नाले में फेंक दिया गया। राहगीरों ने नाले में शव उतराता देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, लेकिन पहचान न होने के कारण मोर्चरी में रखवा दिया गया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद परिजनों को जानकारी मिली और उन्होंने पनकी पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने छोटी बहन की तहरीर पर पति नितिन, ससुर और जेठ के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पति नितिन और जेठ दीपू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट मिली है, जिससे साजिश की आशंका और गहरा गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *