KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने शादी के 27 साल बाद तमिलनाडु के चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की है।
विजय ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को मीडिया से दूर रखा। उनकी पत्नी संगीता भी लाइमलाइट से कोसों दूर रहीं। लेकिन तलाक की खबर सामने आने के बाद अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर संगीता सोरनलिंगम कौन हैं और दोनों की प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई थी।
कौन हैं संगीता सोरनलिंगम?
संगीता का पालन-पोषण यूनाइटेड किंगडम में हुआ, लेकिन वे भारतीय संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ी रहीं। उनके पिता एक प्रतिष्ठित व्यवसायी थे और परिवार ने सादगी भरा जीवन जिया।
संगीता ने कभी भी अपने पति के स्टारडम का लाभ नहीं उठाया। वे अक्सर पब्लिक इवेंट्स और मीडिया से दूर ही नजर आईं। विजय के करियर के हर उतार-चढ़ाव में वे चुपचाप उनके साथ खड़ी रहीं।
फिल्मी थी दोनों की लव स्टोरी
दोनों की मुलाकात उस वक्त हुई जब विजय की फिल्म Poove Unakkaga रिलीज हुई थी और सुपरहिट साबित हुई। संगीता फिल्म देखने के बाद विजय को बधाई देने चेन्नई पहुंचीं।
पहली ही मुलाकात में विजय को संगीता की सादगी भा गई। बताया जाता है कि वे उन्हें सीधे अपने घर ले गए और परिवार से मिलवाया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और परिवार की सहमति से शादी तय हुई।
विजय ईसाई हैं जबकि संगीता हिंदू। दोनों ने दोनों धर्मों की परंपराओं के अनुसार शादी की और चेन्नई में भव्य रिसेप्शन भी दिया। उनकी शादी 1999 में हुई थी और यह जोड़ी लंबे समय तक साउथ इंडस्ट्री की सबसे स्थिर शादियों में गिनी जाती रही।
अब अलग होने की राह पर
27 साल साथ बिताने के बाद अब दोनों के रिश्ते में दरार की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है। संगीता द्वारा तलाक की याचिका दायर करने की खबर वायरल होते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
हालांकि, अब तक न तो विजय और न ही संगीता की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों इस मुश्किल दौर को समझदारी से संभालेंगे। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी इस खबर ने हलचल मचा दी है।