KNEWS DESK- होली के अवसर पर यात्रियों को समय पर बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन निगम ने विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। निगम ने अपने ड्राइवरों, कंडक्टरों और अन्य कर्मचारियों को त्योहार के दौरान लगातार 10 या 11 दिन ड्यूटी करने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। मंगलवार को महाप्रबंधक संचालन Kranti Singh ने इस संबंध में आदेश जारी किए।
जारी आदेश के अनुसार, यह प्रोत्साहन योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक, यानी कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। लगातार 10 दिन ड्यूटी करने पर मैदानी मार्ग पर औसत 242 किमी प्रतिदिन संचालन, मिश्रित मार्गों पर औसत 200 किमी प्रतिदिन, पर्वतीय मार्गों पर औसत 180 किमी प्रतिदिन, ऐसे ड्राइवर और कंडक्टरों को 1250 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
बिना एक भी अवकाश लिए 11 दिन लगातार कार्य करने पर मैदानी मार्गों पर न्यूनतम 2662 किमी, मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2200 किमी, पर्वतीय मार्गों पर 1980 किमी संचालन, ऐसे कर्मचारियों को 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
होली के दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टरों को अतिरिक्त 300 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग क्लर्क, एमएसटी व पास बनाने वाले कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी भी इस योजना के दायरे में आएंगे।
इन कर्मचारियों को एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करने पर 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि इस 11 दिन की अवधि में किसी कर्मचारी का साप्ताहिक अवकाश पड़ेगा, तो वह योजना अवधि समाप्त होने के बाद समायोजित किया जाएगा।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में इस प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य बस संचालन को सुचारु रखना और यात्रियों को समय पर सेवा उपलब्ध कराना है। परिवहन निगम का मानना है कि कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने से संचालन बेहतर होगा और त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी।