KNEWS DESK – दक्षिण भारतीय सिनेमा के दो बड़े सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी बन चुके हैं। राजस्थान के शाही शहर उदयपुर में दोनों की डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित की गई है। 26 फरवरी की सुबह तेलुगू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न हुआ, जबकि शाम को कन्नड़ परंपरा से दूसरी रस्में निभाई जाएंगी।

100 मेहमानों की मौजूदगी में शाही शादी
कपल ने अपनी शादी को बेहद निजी रखा है। जानकारी के मुताबिक, इस खास मौके पर करीब 100 चुनिंदा मेहमान ही शामिल हुए हैं। समारोह उदयपुर के मेमेन्टोस बाय आईटीसी होटल में आयोजित किया गया है, जहां परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सभी रस्में निभाई जा रही हैं।
हालांकि अभी तक विजय और रश्मिका ने अपनी शादी की आधिकारिक तस्वीरें साझा नहीं की हैं, लेकिन हल्दी सेरेमनी की झलकियां सामने आ चुकी हैं।
हल्दी में रंगों की बौछार
25 फरवरी को कपल की हल्दी सेरेमनी धूमधाम से आयोजित हुई। इस समारोह में अभिनेत्री आशिका रंगनाथ भी शामिल हुईं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर हल्दी की कुछ तस्वीरें शेयर कीं।
हालांकि तस्वीरों में विजय और रश्मिका नजर नहीं आए, लेकिन आशिका खुद हल्दी और रंगों में सराबोर दिखीं। एक तस्वीर के साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “होली का असर जल्दी शुरू हो गया?” वहीं दूसरी तस्वीर पर लिखा, “सभी रंगों के साथ प्यार का जश्न।”
तस्वीरों से साफ है कि हल्दी सेरेमनी में पारंपरिक रस्मों के साथ रंगों का भी खास इस्तेमाल किया गया।
फिल्मी सेट से शुरू हुई प्रेम कहानी
विजय और रश्मिका की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों पहली बार फिल्म गीता गोविंदम में साथ नजर आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई और इसी दौरान दोनों की नजदीकियों की खबरें सामने आने लगीं।
इसके बाद दोनों ने डियर कॉमरेड में भी साथ काम किया। लंबे समय तक डेटिंग की खबरों के बीच कपल ने अपने रिश्ते को निजी ही रखा, लेकिन अब उन्होंने अपने प्यार को शादी का नाम दे दिया है।