KNEWS DESK- दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अब हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के साथ बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी 26 फरवरी को उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में हो रही है। शादी समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हैं।
विजय और रश्मिका ने अपने वेडिंग वेन्यू के लिए उदयपुर के Mementos by ITC Resort को चुना है। यह रिसॉर्ट अरावली की पहाड़ियों के बीच, झील के किनारे स्थित है और अपनी खूबसूरती और प्रीमियम सुविधाओं के लिए जाना जाता है। रिसॉर्ट में कुल 117 कमरे हैं, जिनमें प्रीमियम सुइट भी शामिल हैं।
शादी के विभिन्न फंक्शन्स जैसे मेहंदी, हल्दी आदि के लिए रिसॉर्ट का ओपन लॉन, बैंक्वेट हॉल और आउटडोर वेन्यू विशेष रूप से सजाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां एक कमरे का किराया रात के लिए 20,000 से 50,000 रुपये के बीच है, जबकि प्रीमियम सुइट या पर्सनल विला का किराया लगभग 70,000 रुपये है। रिसॉर्ट में एक शादी का न्यूनतम खर्च लगभग 90 लाख रुपये होता है और बड़े कार्यक्रम, डेकोरेशन और मेहमानों की संख्या के हिसाब से खर्च 2.5 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
विजय और रश्मिका की शादी में लगभग 100 लोग शामिल होंगे, और समारोह की गोपनीयता बनाए रखने के लिए केवल करीबी लोग ही मौजूद हैं। वहीं, मार्च के महीने में दोनों हैदराबाद में अपने वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन करेंगे, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई नामी सितारे शामिल होंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वेडिंग रिसेप्शन भी उतना ही भव्य और ग्रैंड होने वाला है जितना उदयपुर का डेस्टिनेशन वेडिंग।
इस शादी के जरिए दोनों ने अपनी निजी जिंदगी को बेहद खूबसूरत और यादगार बनाने का प्रयास किया है, जबकि शादी के लोकेशन और भव्यता से उनकी स्टाइल और सादगी का शानदार मेल देखने को मिल रहा है।