KNEWS DESK- झारखंड में सोमवार शाम हुए एयर एंबुलेंस हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। Ranchi से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला विमान Simaria के जंगलों में क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 41 वर्षीय संजय कुमार भी शामिल हैं, जो लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे। वे एक ढाबा (लाइन होटल) चलाते थे। कुछ दिन पहले ढाबे में हुए हादसे में वे करीब 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। गंभीर हालत में उन्हें 16 फरवरी को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर किया।
परिवार ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की, लेकिन यह सफर ही उनकी अंतिम यात्रा साबित हुआ। संजय कुमार के साथ उनकी पत्नी अर्चना देवी और अटेंडेंट धीरू कुमार भी विमान में सवार थे। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई।
उनके दो बेटे—17 वर्षीय शुभम और 13 वर्षीय शिवम—अब अनाथ हो गए हैं। चंदवा गांव में इस दुखद खबर के बाद मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधिकारी के मुताबिक, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 एयर एंबुलेंस विमान सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब 23 मिनट बाद, शाम 7:34 बजे कोलकाता एटीसी से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। बाद में पता चला कि विमान सिमरिया क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में जिन सात लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार है-
कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
कैप्टन सवराजदीप सिंह (को-पायलट)
डॉ. विकास कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिक)
संजय कुमार (मरीज)
अर्चना देवी (परिजन)
धीरू कुमार (अटेंडेंट)
डॉ. विकास कुमार गुप्ता मरीज की जान बचाने के मिशन पर निकले थे, लेकिन वे भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम, तेज बारिश और कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।