डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब नशे में धुत युवकों की हरकतों से घराती और बराती आपस में भिड़ गए। घटना थाना टूंडला क्षेत्र के राजा का ताल स्थित बीएस पैलेस मैरिज होम की है, जहां शनिवार देर रात विजय दिवाकर की बेटी राखी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जानकारी के अनुसार, टूंडला निवासी अनिल कुमार की बारात रात करीब 10 बजे मैरिज होम पहुंची थी। मेहमानों के मनोरंजन के लिए रंगशाला पार्टी बुलाई गई थी और मंच पर धार्मिक प्रस्तुतियां दी जा रही थीं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग कुर्सियों पर बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान बारातियों में से कुछ युवक नशे की हालत में मंच के पास पहुंच गए और कलाकारों के साथ जबरन डांस करने की जिद करने लगे। मौजूद लोगों ने उन्हें रोकते हुए मंच से नीचे उतार दिया। खुद को अपमानित महसूस कर युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पहले कुर्सियां फेंककर कार्यक्रम रुकवाया, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
कुर्सियां, सब्जियां और गर्म तेल तक चला
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि घराती और बराती यह समझ ही नहीं पाए कि झगड़ा किस पक्ष के लोगों से है। विवाद सुलझाने की कोशिश में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। जिसके हाथ जो आया, वही हथियार बन गया। किसी ने कुर्सियां उठाकर फेंकीं, तो कुछ लोगों ने सब्जियों की बाल्टियां उठाकर एक-दूसरे पर उछाल दीं। हालात तब और गंभीर हो गए, जब कुछ युवकों ने पूड़ी तलने वाली कड़ाही के पास जाकर हमलावरों की ओर गर्म तेल चमचों से फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग झुलस भी गए। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बीच महिलाएं अपने बच्चों को लेकर चीखते हुए मैरिज होम से बाहर भागीं। कई मेहमान बिना खाना खाए ही समारोह स्थल छोड़कर चले गए।
पुलिस पहुंची, फिर हुआ समझौता
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया। किसी भी पक्ष ने कार्रवाई की लिखित तहरीर नहीं दी। दुल्हन राखी और दूल्हा अनिल कुमार की रस्में जल्दबाजी में पूरी कराई गईं और बचा हुआ भोजन रिश्तेदारों को परोसा गया। विदाई के बाद दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली। रविवार सुबह पंचायत बैठी, जिसमें मैरिज होम संचालक की टूटी दर्जनों कुर्सियों और अन्य सामान के नुकसान की भरपाई की गई। इसके बाद दोनों परिवार दोपहर तक समारोह स्थल से रवाना हो गए।