डिजिटल डेस्क- बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों गहरे शोक में हैं। उनके पिता सुनील मल्होत्रा का 14 फरवरी को दिल्ली में निधन हो गया। परिवार पर टूटे इस दुख के बीच उनकी पत्नी कियारा आडवाणी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने ससुर को श्रद्धांजलि दी है। कियारा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी शादी की एक ब्लैक एंड व्हाइट थ्रोबैक तस्वीर शेयर की। इस खास तस्वीर में वह अपने ससुर सुनील मल्होत्रा के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। तस्वीर में सिद्धार्थ मल्होत्रा और उनकी मां भी साथ दिखाई दे रहे हैं। यह एक खुशहाल पारिवारिक पल था, जिसे साझा करते हुए कियारा ने बेहद भावुक शब्दों में अपने ससुर को याद किया।
“शुरुआत से ही आपने खुले दिल से अपनाया”
कियारा ने अपने पोस्ट में लिखा कि शादी के बाद जब वह इस परिवार का हिस्सा बनीं, तब उनके ससुर ने उन्हें खुले दिल से अपनाया। उन्होंने लिखा, “शुरुआत से ही आपने मुझे प्यार और सम्मान दिया। आपकी गर्मजोशी हमेशा बनी रहती थी और परिवार के लिए आपका प्रेम सबसे ऊपर था।” उन्होंने आगे कहा कि सुनील मल्होत्रा हमेशा हर मोड़ पर परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे। कियारा के मुताबिक, वे बेहद ध्यान से हर बात सुनते थे और छोटी-छोटी बातों को भी याद रखते थे। “आपने हमेशा बिना किसी अपेक्षा के प्यार दिया,” उन्होंने अपने संदेश में लिखा। कियारा ने लिखा कि उनके ससुर की कहानियां, उनकी हंसी, उनका मजबूत लेकिन कोमल स्वभाव हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा। उन्होंने कहा कि वे अपने पीछे ईमानदारी, कोमलता और अटूट प्रेम की विरासत छोड़ गए हैं, जो उनके बच्चों, पोते-पोतियों और पूरे परिवार में हमेशा जीवित रहेगी। पोस्ट के अंत में कियारा ने लिखा, “हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें आपको जानने और आपके साथ समय बिताने का अवसर मिला। आप हमेशा याद आएंगे। हम आपसे हमेशा प्यार करते रहेंगे और आप सदा हमारे दिलों में रहेंगे।”
फैंस कर रहे हैं तारीफ
कियारा की इस भावुक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया है। कई यूजर्स उन्हें “परफेक्ट बहू” बताते हुए उनके संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों की सराहना कर रहे हैं। पोस्ट पर हजारों कमेंट्स और लाइक्स आ चुके हैं, जिनमें लोग मल्होत्रा परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। कियारा से पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अपने पिता के निधन पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने लिखा था, “मैं आज जो भी हूं, आपकी वजह से हूं। मैं हमेशा आपके नाम, आपके मूल्यों और आपकी रोशनी को आगे बढ़ाता रहूंगा। लव यू डैड।” सिद्धार्थ और उनके पिता के बीच गहरा भावनात्मक रिश्ता था, जिसका जिक्र वे कई इंटरव्यू में कर चुके हैं। पिता के निधन से अभिनेता को गहरा आघात पहुंचा है।
परिवार के साथ खड़ी हैं कियारा
इस कठिन समय में कियारा आडवाणी अपने पति और परिवार के साथ मजबूती से खड़ी नजर आ रही हैं। शादी के बाद से ही दोनों को एक आदर्श जोड़ी के रूप में देखा जाता है। ऐसे मुश्किल दौर में कियारा का यह भावुक संदेश न केवल परिवार के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है, बल्कि रिश्तों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी उजागर करता है। मल्होत्रा परिवार फिलहाल निजी तौर पर इस दुख से उबरने की कोशिश कर रहा है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे सोशल मीडिया के जरिए परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।