‘कोर्ट के हर आदेश का सम्मान’, राजपाल यादव ने समर्थकों का किया धन्यवाद, जल्द करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

KNEWS DESK- बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव लगभग 11 दिन जेल में रहने के बाद हाई कोर्ट की अंतरिम बेल पर सोमवार को बाहर आ गए। राजपाल यादव 2010 के चेक बाउंस मामले में 9 करोड़ रुपए का कर्ज न चुका पाने के कारण 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर चुके थे।

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में अपने समर्थकों और मददगारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस मुश्किल वक्त में मेरे साथ खड़े सभी लोगों का दिल से धन्यवाद। कई लोग सोशल मीडिया पर नहीं आए, लेकिन उन्होंने भी मेरी मदद की, उनका भी मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। इंडस्ट्री का भी आभार।”

राजपाल यादव ने बताया कि मामले से जुड़ी कानूनी जानकारी उनके वकील भास्कर उपाध्याय के पास हैं और चूंकि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए वह फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करेंगे, जिसमें मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब देने का प्रयास करेंगे।

दिल्ली हाई कोर्ट ने 16 फरवरी को राजपाल यादव को अंतरिम बेल प्रदान की थी और इसके अगले दिन वह जेल से बाहर आए। हाई कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि वे न्यायपालिका के हर निर्णय का पालन करेंगे।

राजपाल यादव की जेल से रिहाई और समर्थकों के प्रति उनका आभार इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है, और उनके प्रशंसक उनका स्वागत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *