डिजिटल डेस्क- अमरोहा के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला छेवड़ा में कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने चार नामजद समेत कुल 29 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें 25 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना शनिवार रात करीब दस बजे बाईपास स्थित शिव मंदिर के पास हुई, जहां हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़िये भंडारे में शामिल थे। रविवार को भगवान शिव का जलाभिषेक होना था, इसी सिलसिले में बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर परिसर में रुके हुए थे। डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नृत्य कर रहे थे।
आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद
आरोप है कि मंदिर से करीब 50 मीटर दूर दूसरे समुदाय के कुछ युवक जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआती विवाद के बाद जन्मदिन मना रहे युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया और फिर मंदिर परिसर की ओर पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस के सामने भी पथराव और मारपीट होती रही। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे कांस्टेबल शोएब रजा खान के सिर में पत्थर लगने से वह घायल हो गए। कांवड़िये चंद्रशेखर, विद्या देवी और शिखर समेत चार अन्य लोग भी जख्मी हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
आक्रोशित कांवड़ियों ने थाना परिसर में रखी कांवड़
घटना के बाद बड़ी संख्या में शिवभक्त नगर कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। कांवड़ खंडित किए जाने का आरोप लगाते हुए श्रद्धालुओं ने अपनी कांवड़ कोतवाली परिसर में रख दी। देर रात तक माहौल गरमाया रहा और स्थिति संभालने के लिए अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। राजनीतिक हलकों में भी घटना को लेकर प्रतिक्रिया देखने को मिली। स्थानीय भाजपा नेताओं ने कोतवाल का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगाए गए। रविवार को भी क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
क्या कहा पुलिस ने ?
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि अभिषेक सैनी की तहरीर पर इमरान, मुकीम, यूनुस अली, मोहम्मद जाहिद समेत 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में से इमरान, शानू और अदनान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।