IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला आज, जानें मौसम का ताजा हाल…

KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर पहले शेड्यूल पर सवाल थे, लेकिन अब जब मैच तय हो चुका है तो सबकी नजरें कोलंबो के मौसम पर टिक गई हैं। 15 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या भारत-पाकिस्तान मैच बारिश की भेंट चढ़ जाएगा या फिर ओवरों में कटौती के साथ खेल संभव होगा?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होना है। चूंकि भारत और श्रीलंका एक ही टाइम ज़ोन में आते हैं, इसलिए स्थानीय और भारतीय समय में कोई अंतर नहीं है। लेकिन समस्या यह है कि उसी समय के आसपास कोलंबो में बारिश की संभावना जताई गई है।

हालांकि ताजा अपडेट राहत देने वाले हैं। पहले जहां शाम 6 से 9 बजे के बीच भारी बारिश की आशंका थी, वहीं अब बारिश की संभावना में कमी आई है।

बीबीसी वेदर के शुरुआती अनुमान के मुताबिक 15 फरवरी को शाम 6 बजे बारिश की संभावना 51 प्रतिशत, 7 बजे 57 प्रतिशत, 8 बजे 65 प्रतिशत और 9 बजे 45 प्रतिशत बताई गई थी।

लेकिन नए अपडेट के अनुसार स्थिति कुछ बेहतर दिख रही है। टॉस के समय यानी लगभग 6:30 बजे बारिश की संभावना 50 प्रतिशत है। 7:30 बजे यह घटकर 40 प्रतिशत रह जाती है और 8:30 बजे तक यह करीब 27 प्रतिशत तक कम हो जाती है। अच्छी बात यह है कि रात बढ़ने के साथ बारिश की आशंका और घटती दिखाई दे रही है।

कोलंबो का मौसम अक्सर अप्रत्याशित माना जाता है। हल्की बारिश मैच की शुरुआत में देरी कर सकती है या बीच में रुकावट डाल सकती है। लेकिन मौजूदा पूर्वानुमान को देखते हुए पूरे मैच के रद्द होने की संभावना कम नजर आ रही है।

अगर बारिश थोड़ी देर के लिए होती भी है तो डकवर्थ-लुईस नियम के तहत ओवरों में कटौती संभव है, जिससे मुकाबला छोटा लेकिन रोमांचक हो सकता है।

भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि भावनाओं का संगम होता है। ऐसे में फैंस के लिए सबसे बड़ी राहत यही है कि मौसम में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। मैच की शुरुआत में देरी या बीच-बीच में रुकावट की संभावना जरूर है, लेकिन खेल होने की उम्मीद मजबूत दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *