KNEWS DESK – शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर छा गई है। 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल इस मूवी का इंतजार दर्शक लंबे समय से कर रहे थे। अब फिल्म के आते ही एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं।
पहली बार साथ दिखी शाहिद-तृप्ति की जोड़ी
‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि यह जोड़ी फ्रेश और दमदार लग रही है। शाहिद की इंटेंस एक्टिंग और तृप्ति की स्क्रीन प्रेजेंस को खासतौर पर सराहा जा रहा है।
अविनाश तिवारी की खलनायिकी ने लूटी महफिल
फिल्म में अविनाश तिवारी निगेटिव रोल में नजर आ रहे हैं और उनके किरदार को भी खूब तारीफ मिल रही है। कई दर्शकों का कहना है कि उनकी खलनायिकी ने कहानी में अलग ही धार जोड़ दी है।
फिल्म में नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। सात बड़े कलाकारों से सजी इस फिल्म को दर्शक ‘फुल ऑन एंटरटेनमेंट पैकेज’ बता रहे हैं।
पब्लिक रिएक्शन: ब्लॉकबस्टर का टैग!
रिलीज के कुछ ही घंटों में फिल्म को 5 में से 4 से 4.5 स्टार तक की रेटिंग मिल चुकी है। कई यूजर्स ने इसे ‘ब्लॉकबस्टर’ तक करार दे दिया है। एक दर्शक ने लिखा, “शाहिद कपूर ने अपनी इंटेंसिटी से स्क्रीन पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है।”
दूसरे ने इसे “इमोशनली रिच और पावरफुल फिल्म” बताते हुए कहा कि यह क्लास और मास का परफेक्ट बैलेंस है।
फिल्म को ‘पैसा वसूल’ बताया जा रहा है। शाहिद का दिशा पाटनी के साथ फिल्माया गया आइटम नंबर भी रिलीज से पहले ही चर्चा में था और थिएटर में इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।