KNEWS DESK – कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कॉमेडी नहीं बल्कि उनका रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ और उससे जुड़ा विवाद है। पिछले साल 2025 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खोले गए उनके इस कैफे पर तीन महीने के भीतर तीन बार फायरिंग की घटनाएं सामने आई थीं। हालांकि इन हमलों में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था।
अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक्ट्रेस राखी सावंत ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कपिल शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राखी सावंत का चौंकाने वाला दावा
फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में राखी सावंत ने कहा कि ‘कैप्स कैफे’ पर हुई फायरिंग एक पब्लिसिटी स्टंट हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी गैंग के लोग इतने फ्री हैं कि वे इस तरह की घटनाएं अंजाम दें? राखी ने आरोप लगाया कि यह सब रेस्टोरेंट को चर्चा में लाने के लिए किया गया हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी का नाम लेकर उसे बदनाम करना गलत है और अगर यह सब सिर्फ पब्लिसिटी के लिए हुआ है तो यह बेहद सस्ती हरकत है।
फायरिंग की घटनाएं और गैंग का दावा
गौरतलब है कि कनाडा में खुले इस कैफे की ओनरशिप कपिल शर्मा की पत्नी गिन्नी चतरथ के नाम पर बताई गई थी। तीन अलग-अलग मौकों पर कैफे पर फायरिंग की घटनाएं हुईं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्ड ढिल्लों ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि कॉमेडियन से संपर्क करने की कोशिश की गई थी, लेकिन जवाब न मिलने पर कार्रवाई की गई। साथ ही आगे और सख्त कदम उठाने की धमकी भी दी गई थी।
हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी और जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही थी।
कपिल शर्मा का रुख
घटनाओं के बाद कपिल शर्मा ने कनाडा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। यह भी सामने आया था कि इस मुद्दे पर कनाडा की संसद में चर्चा हुई थी।
इन घटनाओं के कुछ समय बाद खबर आई कि कपिल शर्मा ने दुबई में ‘कैप्स कैफे’ की नई शाखा शुरू कर दी है। इसे उनके बिजनेस के विस्तार के तौर पर देखा गया।