T20 वर्ल्ड कप 2026: टीम इंडिया को बड़ा झटका, अभिषेक शर्मा की नामीबिया के खिलाफ खेलना मुश्किल

KNEWS DESK- T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा पेट में गंभीर इंफेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। ऐसे में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले भारत के दूसरे मुकाबले में उनके खेलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।

दरअसल, 7 फरवरी को USA के खिलाफ खेले गए पहले मैच के दौरान ही अभिषेक शर्मा की तबीयत को लेकर सवाल उठने लगे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज बुखार होने के बावजूद उन्होंने वह मैच खेला, जिसके बाद उनकी हालत और बिगड़ गई। उस मैच में अभिषेक गोल्डन डक पर आउट हो गए थे और बल्लेबाजी के बाद वह टीम इंडिया के डगआउट में भी नजर नहीं आए। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।

USA के खिलाफ मैच के दौरान सिर्फ अभिषेक ही नहीं, बल्कि जसप्रीत बुमराह भी अस्वस्थ थे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर टीम के साथ मौजूद नहीं थे। हालात ऐसे थे कि मैदान पर ड्रिंक्स सर्व करने की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी. दिलीप को संभालनी पड़ी। मैच के बाद अभिषेक शर्मा हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं आए, जिससे उनकी तबीयत को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।

10 फरवरी को टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी अभिषेक शर्मा नजर नहीं आए। टीम मैनेजमेंट ने उस वक्त उनकी गैरमौजूदगी की वजह पेट की समस्या बताई थी, लेकिन टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार उन्हें पेट का इंफेक्शन हो गया है और इसी कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रैक्टिस सेशन से पहले मीडिया से बात करते हुए टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान डेस काटे ने कहा था,“अभिषेक को पेट से जुड़ी कुछ शिकायतें हैं। हमें उम्मीद है कि वह अगले दो दिनों में खेलने के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।”

हालांकि, हालिया खबरों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई है, जिससे नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है।

इस बीच, संजू सैमसन का प्रैक्टिस सेशन में जमकर बल्लेबाजी करना भी इस ओर इशारा कर रहा है कि टीम मैनेजमेंट वैकल्पिक ओपनर के तौर पर उन्हें तैयार कर रहा है। गौरतलब है कि 8 फरवरी को दिल्ली में गौतम गंभीर की डिनर पार्टी में भी अभिषेक शर्मा टीम इंडिया के साथ नजर आए थे, जहां उनकी तबीयत देखकर गंभीर भी कुछ चिंतित दिखे थे।

अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर अब सबकी नजरें 11 फरवरी को होने वाली प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि वहां टीम मैनेजमेंट उनकी सेहत और वापसी को लेकर अधिक सटीक जानकारी साझा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *