‘The 50’ के मंच पर कृष्णा श्रॉफ का लव कन्फेशन, MMA फाइटर संग रिश्ते पर लगी मुहर

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा श्रॉफ इन दिनों रियलिटी शो की दुनिया में खूब चर्चा बटोर रही हैं। अपनी दमदार पर्सनैलिटी और फिटनेस के लिए पहचानी जाने वाली कृष्णा ने अब अपने निजी जीवन को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है। रियलिटी शो ‘The 50’ के मंच पर उन्होंने अपने प्यार का खुलेआम इज़हार कर फैंस को चौंका दिया।

शो के दौरान एक खास बातचीत में कृष्णा ने स्वीकार किया कि वह रिलेशनशिप में हैं और उनके बॉयफ्रेंड का नाम अब्दुल अजीम बदख्शी है। नेशनल टीवी पर यह कबूलनामा सामने आते ही यह पल शो का सबसे इमोशनल और चर्चित मोमेंट बन गया।

कौन हैं अब्दुल अजीम बदख्शी?

अब्दुल अजीम बदख्शी अफगानिस्तान से ताल्लुक रखते हैं और एक प्रोफेशनल MMA फाइटर हैं। कृष्णा ने अपने पार्टनर के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें मजबूत और आत्मविश्वासी लोग पसंद हैं। उन्होंने कहा, “मुझे स्ट्रॉन्ग मर्द पसंद हैं, वह अल्फा मेल हैं। उन्होंने मुझे चैलेंज किया था।” कृष्णा के इस बयान ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरीं।

2020 में शुरू हुई लव स्टोरी

कृष्णा ने बताया कि उनकी और अब्दुल की मुलाकात की कहानी साल 2020 से शुरू हुई। नवंबर 2020 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और करीब आठ महीने तक एक-दूसरे को समझने के बाद मई 2021 में वे पहली बार मिले। कृष्णा के मुताबिक, अब्दुल ने उनसे मिलने के लिए मुंबई शिफ्ट तक कर लिया। उन्होंने बताया, “आठ महीने बात करने के बाद एक दिन उन्होंने कहा कि मैं तुमसे मिलने आना चाहता हूं और मैंने हां कह दिया।” यहीं से दोनों का रिश्ता और मजबूत होता चला गया।

‘The 50’ के सेट पर कृष्णा ने बिना किसी झिझक के अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बॉयफ्रेंड के बारे में खुलकर बात करने में कोई परेशानी नहीं है और वह खुद को एक “ओपन बुक” मानती हैं। यह इज़हार दर्शकों के लिए भी काफी भावुक पल रहा।

फिटनेस और रियलिटी शोज में बनाई पहचान

जैकी श्रॉफ और टाइगर श्रॉफ से अलग रास्ता चुनते हुए कृष्णा ने एक्टिंग की जगह फिटनेस और MMA को अपना करियर बनाया। साल 2019 में उन्होंने मां आयशा श्रॉफ और भाई टाइगर श्रॉफ के साथ मिलकर ‘MMA मैट्रिक्स’ जिम की शुरुआत की, जो आज भारत में MMA ट्रेनिंग का बड़ा नाम बन चुका है।
इसके अलावा कृष्णा ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ और ‘चोरियां चली गांव’ जैसे रियलिटी शोज में भी नजर आ चुकी हैं। फिलहाल वह ‘The 50’ शो में अपने बेबाक अंदाज और दमदार मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *