KNEWS DESK- संसद का आज का दिन राजनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है। लोकसभा में सोमवार दोपहर 12 बजे से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत होगी, जो तीन दिन तक चलेगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। खास बात यह है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इस बहस में हिस्सा लेने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
लोकसभा में चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। सत्तारूढ़ बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि इसके बाद तेजस्वी सूर्या पार्टी का पक्ष रखेंगे। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपना जवाब देंगे।
वहीं राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा सोमवार दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। बीजेपी की तरफ से सदानंद मास्टर चर्चा की शुरुआत करेंगे, उनके बाद मेघा विश्राम कुलकर्णी अपनी बात रखेंगी। इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सांसद सुधांशु त्रिवेदी समेत कई वरिष्ठ नेता भी सदन में पार्टी का पक्ष रखेंगे। राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी 5 फरवरी को जवाब देने वाले हैं।
इधर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस बहस के दौरान सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस व्हिप मोहम्मद जावेद ने कहा कि पार्टी चाहती है कि राहुल गांधी इस अहम बहस में बोलें। हालांकि, पार्टी के पास सीमित समय होने के कारण किन-किन नेताओं को मौका दिया जाएगा, इस पर अंतिम फैसला नेतृत्व को लेना होगा।
सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में 2026-27 के केंद्रीय बजट पर आम चर्चा 5, 9, 10 और 11 फरवरी को होगी। बजट बहस के लिए भी कुल 18 घंटे का समय तय किया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 11 फरवरी को जवाब देने की संभावना है।
मंगलवार को हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने एमजीएनआरईजीए की बहाली, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR), यूजीसी से जुड़े विवाद सहित कई अहम मुद्दों को उठाने की मंशा जाहिर की है। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान इन मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा।
कुल मिलाकर संसद के मौजूदा सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट पर होने वाली चर्चाएं राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण रहने वाली हैं, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।