KNEWS DESK- दही भारतीय खान-पान का एक अहम हिस्सा है। यह न सिर्फ स्वाद में बढ़िया होता है, बल्कि पेट के लिए बेहद फायदेमंद भी माना जाता है। गर्मियों में जहां दही शरीर को ठंडक पहुंचाता है, वहीं सर्दियों में भी यह पाचन तंत्र को मजबूत रखता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाते हैं, जिससे गैस, कब्ज और बदहजमी जैसी समस्याएं कम होती हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि दही में अगर एक खास चीज मिलाकर खाई जाए, तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं? यह एक चीज आपके पूरे पाचन तंत्र को जैसे रीसेट कर देती है और वह है इसबगोल। चलिए जानते हैं कैसे दही और इसबगोल का ये कॉम्बिनेशन सेहत के लिए सुपरफूड साबित होता है और इसके क्या जबरदस्त फायदे हैं।
दही के साथ इसबगोल क्यों है पेट का सबसे बड़ा इलाज?
इसबगोल फाइबर का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। यह तुरंत पेट को आराम देता है और पाचन से लेकर वजन और दिल तक कई समस्याओं में फायदा पहुंचाता है। एक्सपर्ट भी सलाह देते हैं कि दही और इसबगोल को साथ में खाने से पाचन शक्ति बहुत मजबूत होती है।
एक्सपर्ट की राय
जयपुर की आयुर्वेद एक्सपर्ट किरण गुप्ता बताती हैं कि दही के साथ इसबगोल का रोजाना सेवन करने से लंबे समय से चली आ रही कब्ज की समस्या खत्म होती है। गैस और एसिडिटी में राहत मिलती है। अगर किसी को दस्त लगे हों, तब भी यह फायदा करता है। हालांकि, सर्दियों में अगर आपको सर्दी-जुकाम की दिक्कत हो तो दही के बजाय इसबगोल को गर्म पानी में मिलाकर लेना ज्यादा फायदेमंद है।

दही, इसबगोल खाने के 6 बड़े फायदे
ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करता है
किरण गुप्ता के अनुसार, इसबगोल डायबिटीज मरीजों के लिए काफी मददगार है। इसबगोल ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने नहीं देता। दही में मौजूद गुड बैक्टीरिया इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ाते हैं। यह कॉम्बिनेशन शुगर कंट्रोल के लिए बेहद कारगर है।
हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए
दही और इसबगोल दोनों ही दिल के लिए लाभकारी हैं। इसबगोल आंतों में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को अवशोषित कर बाहर निकाल देता है। दही में मौजूद प्रोटीन और हेल्दी फैट दिल की मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं। इससे दिल की बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है।
वजन कम करने में मददगार
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो यह कॉम्बिनेशन आपके लिए रामबाण है। इसबगोल का फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। दही मेटाबॉलिज्म बढ़ाता है और फैट बर्निंग तेज करता है। दोनों मिलकर ओवरईटिंग रोकते हैं और वजन नियंत्रित रखते हैं।
बालों और त्वचा के लिए बेहतरीन
दोनों ही सुंदरता बढ़ाने में भी मशहूर हैं। दही में मौजूद विटामिन और प्रोटीन बालों को मजबूत और चमकदार बनाते हैं।इसबगोल शरीर से टॉक्सिन बाहर कर स्किन को नेचुरल ग्लो देता है। यह कॉम्बिनेशन त्वचा को अंदर से साफ करता है।
पेट की समस्याओं का त्वरित समाधान
कब्ज, एसिडिटी, गैस, भरा-भरा पेट सबका इलाज। पाचन शक्ति मजबूत होती है। आंतों में सूजन कम होती है। गट हेल्थ सुधरती है।
इम्युनिटी को बढ़ाता है
दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स और इसबगोल का हाई फाइबर मिलकर इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं, जिससे शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम होता है।
कैसे खाएं दही और इसबगोल?
1 कटोरी दही में 1–2 चम्मच इसबगोल मिलाएं। भोजन के बाद सेवन करना सबसे सही माना जाता है। सर्दियों में ठंड लगने पर दही छोड़कर इसबगोल को गर्म पानी के साथ लें।
दही और इसबगोल दोनों मिलकर आपके शरीर के लिए एक पूरा पैकेज बन जाते हैं। पाचन, वजन, दिल, शुगर, स्किन, बाल—हर चीज पर गजब का असर। अगर आप पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान रहते हैं या अपनी सेहत को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो यह कॉम्बिनेशन जरूर आज़माएं।