KNEWS DESK- भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। म्यूजिक कंपोजर और सिंगर पलाश मुच्छल से उनकी शादी 23 नवंबर को होने जा रही है। दोनों कई सालों से रिलेशनशिप में थे, और अब आधिकारिक तौर पर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।
हाल ही में मंधाना ने अपनी सगाई की अंगूठी दिखाते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जिसने फैंस में हलचल मचा दी। अब पलाश मुच्छल ने सोशल मीडिया पर एक रोमांटिक सरप्राइज प्रपोजल वीडियो शेयर किया है, जिसने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।
पलाश ने स्मृति को उस जगह प्रपोज करने का फैसला किया, जो दोनों के लिए बेहद खास है—नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम। यही वह मैदान है जहां भारतीय महिला टीम ने 2025 महिला वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, जिसमें स्मृति मंधाना का अहम योगदान रहा था। वीडियो में दिखता है कि पलाश और स्मृति स्टेडियम में एंट्री करते हैं, जहां स्मृति की आंखों पर कपड़ा बंधा होता है। जैसे ही वह आंखों से कपड़ा हटाती हैं, पलाश घुटनों पर बैठकर गुलाबों का गुलदस्ता और अंगूठी लेकर उन्हें प्रपोज करते दिखाई देते हैं।
स्मृति पहले तो हैरान रह जाती हैं, लेकिन फिर मुस्कुराते हुए “हां” कहती हैं और अंगूठी पहन लेती हैं। इसके बाद वह भी पलाश को अंगूठी पहनाती हैं, और दोनों कैमरे के सामने अपनी सगाई की अंगूठियाँ फ्लॉन्ट करते नजर आते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्मृति और पलाश की मुलाकात 2019 में हुई थी और तभी से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को कई बार साथ देखा गया है और लंबे समय से सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल होती रही हैं। महिला वर्ल्ड कप 2025 में भी पलाश पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्मृति का सपोर्ट करते नजर आए थे। वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों ने साथ में जश्न मनाते हुए तस्वीरें शेयर की थीं।
स्मृति मंधाना की लोकप्रियता सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में है। उनके फैंस शादी की खबर सुनकर बेहद उत्साहित हैं। पलाश मुच्छल द्वारा शेयर किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस कपल को लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। 23 नवंबर को होने वाली इस शादी का क्रिकेट और एंटरटेनमेंट दोनों दुनिया में बड़ा बेसब्री से इंतजार हो रहा है।