KNEWS DESK- दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 के पार पहुंच गया है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है और सुबह के समय कई इलाकों में स्मॉग की मोटी चादर दिखाई दे रही है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
दिल्ली में कई इलाकों की हवा बेहद खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है। वहीं धौला कुआं क्षेत्र में गुरुवार सुबह AQI 128 दर्ज किया गया, जिसे मध्यम श्रेणी में रखा गया। दूसरी ओर अक्षरधाम सहित कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत देखने को मिली। कई क्षेत्रों में AQI 500 के पार पहुंच गया है।
नोएडा में भी छाई धुंध
नोएडा में गुरुवार को औसत AQI 287 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 291 था। मामूली सुधार के बावजूद सुबह के समय शहर में धुंध की चादर छाई रही। सेक्टर-1 में AQI 274, सेक्टर-110 में 279, सेक्टर-125 में 286, सेक्टर-150 में 257 और सेक्टर-39 में 245 दर्ज किया गया। वहीं सेक्टर-62 में AQI 390 रहा, जो शहर में सबसे खराब स्तरों में शामिल रहा।
5वीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं संचालित की जा सकेंगी। हालांकि, ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने पर ही इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के छह नवंबर के आदेश के बाद उठाया गया है। आयोग ने दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का प्रावधान किया है।
तीन साल में सबसे ज्यादा प्रदूषित रही हवा
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सर्दियों की शुरुआत पिछले तीन वर्षों की तुलना में अधिक प्रदूषित रही। दिवाली से पहले के सप्ताह में दिल्ली का औसत पीएम2.5 स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह 2025 की समान अवधि के मुकाबले करीब दोगुना और 2024 की तुलना में लगभग एक तिहाई अधिक था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पराली जलाना और दिवाली के पटाखे प्रदूषण बढ़ाने वाले कारक हैं, लेकिन दिल्ली की खराब हवा के पीछे सालभर होने वाला उत्सर्जन और पड़ोसी जिलों से आने वाला प्रदूषण भी महत्वपूर्ण कारण हैं।