34 साल की उम्र में सिंगर ह्यूमन सागर का निधन, मां ने मैनेजर पर लगाए गंभीर आरोप

KNEWS DESK – ओडिया संगीत जगत के मशहूर सिंगर ह्यूमन सागर अब इस दुनिया में नहीं रहे। महज 34 साल की उम्र में उनका निधन हो जाना पूरे ओलीवुड फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए गहरा सदमा है। दादा जी संगीतकार थे, माता-पिता भी सिंगर—ऐसे संगीत परिवार से आने वाले ह्यूमन ने छोटी उम्र में ही अपनी अलग पहचान बनाई थी। ‘वॉयस ऑफ ओडिशा 2’ जीतने के बाद वह ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना नाम बन गए थे।

अचानक बिगड़ी तबीयत, नहीं बचाई जा सकी जान

14 नवंबर को तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने के बाद ह्यूमन सागर को AIIMS भुवनेश्वर के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। दोपहर करीब 1:10 बजे उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने तुरंत इलाज शुरू किया। वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। 17 नवंबर की रात 9:08 बजे उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई। 2017 में ह्यूमन सागर ने श्रिया मिश्रा से शादी की थी। दोनों की एक प्यारी बेटी भी है।

क्या थी मौत की वजह?

डॉक्टर्स के मुताबिक, ह्यूमन सागर की मौत मल्टी-ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम (MODS) के कारण हुई। रिपोर्ट्स में सामने आया कि वे कई गंभीर स्थितियों Acute on Chronic Liver Failure, Dilated Cardiomyopathy, Bilateral Pneumonia से जूझ रहे थे | इन बीमारियों की वजह से उनके कई प्रमुख अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। पूरी कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।

जब उनकी गंभीर हालत की खबर सामने आई, तो राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी और लिखा था कि पूरा ओडिशा उनके ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

मां का आरोप

ह्यूमन सागर की मौत से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनकी मां शैफाली ने बेटे के मैनेजर और इवेंट ऑर्गेनाइजर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ह्यूमन की तबीयत खराब होने की जानकारी होने के बावजूद उन्हें बार-बार स्टेज परफॉर्मेंस के लिए मजबूर किया गया| उनकी हालत को नजरअंदाज़ करते हुए उन पर दबाव बनाया जाता रहा| इन आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, और अब उनसे जुड़े सवाल उठने लगे हैं।