करूर रैली हादसा: विजय थलापति ने जताया दुख, 39 लोगों की मौत पर CM ने किया मुआवजे का ऐलान

KNEWS DESK – तमिलनाडु के करूर में साउथ सुपरस्टार विजय थलापति की रैली के दौरान हुई भगदड़ में 39 लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुखद घटना ने पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ा दी है।

विजय ने सोशल मीडिया पर जताया दुख

हादसे के बाद विजय थलापति ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “कल करूर में जो हादसा हुआ, उसे सोचकर मेरा दिल बहुत भारी हो गया है। अपने लोगों को खोने का दर्द शब्दों में कहना मुश्किल है। आंखें और दिल दोनों गम से भरे हैं। जिनसे मैं मिला हूं, उनके चेहरे बार-बार याद आ रहे हैं। अपने प्रियजनों के बारे में सोचकर मन और भी बेचैन हो जाता है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हैं, वे जल्दी ठीक होकर घर लौटें। हमारा तमिलगा वेट्री कजगम उनके इलाज और जरूरी मदद के लिए पूरी तरह साथ है। भगवान की कृपा से हम सब इस मुश्किल समय से बाहर निकलें।”

विजय के इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया मिल रही है और फैंस भी पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

CM एमके स्टालिन ने किया मुआवजे का ऐलान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिवार को 10 लाख रुपये और घायल लोगों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, TVK के करूर वेस्ट डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी वीपी मथियाझागन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस हादसे पर साउथ इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी। अभिनेता कमल हासन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि उनका दिल टूट गया है और करूर की घटना सुनकर वह काफी दुखी हैं। अभिनेता विशाल ने भी दुख जताया और कहा कि TVK को मृतकों के परिवार को मुआवजा देना चाहिए।

मदद और राहत प्रयास

विजय थलापति के तमिलगा वेत्री कजगम ने भी पीड़ितों के लिए राहत कार्यों में हाथ बंटाने की पुष्टि की है। घायल लोगों के इलाज और परिवारों की सहायता के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है।

यह हादसा तमिलनाडु में बड़े पैमाने पर दुख और सदमे का कारण बना है। राज्य सरकार और इंडस्ट्री के नेताओं के प्रयास पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी मदद साबित हो सकते हैं।