KNEWS DESK- प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहे हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जो बुधवार 25 सितंबर 2025 को बालाघाट जिले के कटंगी तहसील मुख्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को आर्थिक सशक्तिकरण की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहले ही समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर ₹4000 बोनस देने की घोषणा की थी, जिसे अब सक्रिय रूप से लागू किया जा रहा है।
इस योजना के तहत प्रदेश के 6 लाख 69 हजार धान उत्पादक किसानों को कुल ₹337.12 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की जाएगी।
इस बोनस योजना का उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहन देना, आय में वृद्धि करना और खेती को लाभकारी बनाना है।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन कटंगी की कृषि उपज मंडी में किया जा रहा है, जहाँ न सिर्फ किसानों को बोनस मिलेगा बल्कि युवाओं, विकास कार्यों और रोज़गार के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं की जाएंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 4315 चयनित युवाओं को विभिन्न विभागों और योजनाओं के अंतर्गत नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। यह कदम राज्य सरकार की रोजगार सृजन नीति और युवाओं को सशक्त करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कटंगी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बालाघाट जिले में 244 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 75 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। इन कार्यों में सड़कें, पुल, भवन, सिंचाई योजनाएं और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
बालाघाट जिले में ही एक लाख से अधिक धान उत्पादक किसानों को इस बोनस राशि से सीधा लाभ मिलेगा। इससे ना केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में जिले भर से हजारों की संख्या में किसान-बंधु, युवा, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भाग लेंगे। यह आयोजन एक तरह से किसानों के सम्मान और कृषि के उत्थान का उत्सव होगा।